किसानों की वापसी दूसरे दिन भी जारी, मुख्य मंच हटाने का काम शुरू
किसान आंदोलन के स्थगित होने के बाद रविवार को लगातार दूसरे दिन भी कुंडली बॉर्डर से किसानों की वापसी जारी रही। सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों व ट्रकों में अपना सामान लेकर रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने आसपास की सफाई करने के साथ ही मलबा व झोपडिय़ां हटाने में प्रशासन की भी मदद की। किसानों ने पूरे साल मदद करने वाले आसपास के लोगों का आभार जताया है। साथ ही हरियाणा विशेषकर सोनीपत के ग्रामीणों के सहयोग को लेकर कहा कि उन्हें हरियाणा वालों की खातिरदारी याद रहेगी।
संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से 9 दिसंबर को आंदोलन वापसी की घोषणा के बाद से ही किसानों की घर वापसी शुरू हो गई थी। लेकिन जश्न और जुलूस के रूप में किसान शनिवार को रवाना हुए। कुंडली-सिंघु बॉर्डर से हजारों किसान गाजे-बाजे के साथ अपने घरों को लौटे थे, जिससे जीटी रोड लंबा जाम लगा रहा।
जाम की वजह से किसानों के कुछ जत्थे बॉर्डर पर ही रुक गए थे। रविवार को सुबह से ही किसान अपने वाहनों में सामान लादकर रवाना होने शुरू हो गए। दोपहर तक ज्यादातर किसान वापसी के लिए चल पड़े, हालांकि दर्जनभर ट्रैक्टर-ट्रालियां अभी भी बॉर्डर के पास मौजूद हैं।
रविवार को मुख्य मंच को समेटने का काम दिनभर चलता रहा। करीब 8 घंटे के बाद मुख्य मंच को खोला जा सका है। बताया जा रहा है कि मुख्य मंच के निर्माण में करीब 36 लाख रुपये का खर्च आया था। अब इसे दिल्ली की एक संस्था को करीब 15 लाख रुपये में संयुक्त किसान मोर्चा ने बेच दिया है। इसके सोमवार को पूरी तरह से हटने की उम्मीद है।
बॉर्डर पर खुद ही साफ सफाई में जुटे रहे किसान
कुंडली बॉर्डर पर डटे किसानों ने जाने से पहले खुद ही साफ सफाई कर मलबा हटाया। किसान गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने तय किया था कि जब यहां से जाएंगे तो जिस क्षेत्र में वह ठहरे हैं, वहां की साफ सफाई करके ही लौटेंगे। इसके लिए उनके सभी सदस्यों ने सहयोग किया है। यही नहीं, प्रशासन के साथ भी उन्होंने काम में हाथ बंटाया है। यहां से बहुत से यादें समेट कर वे अपने साथ लेकर जा रहे हैं। किसान बलदेव सिंह व मनिंद्र सिंह ने बताया कि यहां रहते हुए हरियाणा खासकर सोनीपत के किसानों ने जो खातिरदारी व सहयोग दिया वह उसे कभी भूला नहीं सकते।