सोनीपत में चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में गिरी महिला।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
सोनीपत रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर गीता जयंती एक्सप्रेस में सवार हो रही एक महिला अचानक प्लेटफार्म और ट्रेन की पटरियों के बीच गिर गई। महिला लापरवाही बरतते हुए स्टेशन से चल रही ट्रेन में सवार होने का प्रयास कर रही थी। प्लेटफार्म पर नियुक्त आरपीएफ कर्मी ने महिला को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर कर्मी ने तुरंत ट्रेन को रुकवाया और पटरी-प्लेटफार्म के बीच फंसी महिला को बाहर निकाला। घटना गुरुवार शाम की है।
गुरुवार शाम सोनीपत स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आरपीएफ जवान नरेंद्र व सुमन ड्यूटी दे रहे थे। शाम को गीता जयंती एक्सप्रेस सोनीपत स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन जब दो मिनट रुकने के बाद गंतव्य की तरफ जाने लगी तो अचानक एक महिला भागकर आई और ट्रेन में सवार होने लगी। तब तक ट्रेन गति पकड़ चुकी थी। महिला को वहां नियुक्त आरपीएफ जवान नरेंद्र ने आवाज देकर चलती ट्रेन से दूर होने को कहा, लेकिन महिला उनकी बात को अनदेखा कर ट्रेन में सवार होने लगी। इसी दौरान वह प्लेटफार्म व ट्रेन की पटरी के बीच गिर गई। महिला को प्लेटफार्म व पटरी के बीच गिरता देख नरेंद्र ने शोर मचा दिया।
शोर सुनचालक ने ट्रेन को रोक दिया। इस पर नरेंद्र व सुमन ने तुरंत महिला को प्लेटफार्म व रेल की पटरी के बीच से निकाला। महिला की जान बच गई है। महिला सोनीपत से मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जा रही थी। महिला की पहचान टीकमगढ़ के गांव ढिकोड़ा निवासी अंबो के रूप में हुई। चोटिल नहीं होने के कारण महिला को ट्रेन में बिठाकर उसे गंतव्य की तरफ रवाना कर दिया गया। महिला के ट्रेन से गिरने का सीसीटीवी फुटेज का वीडियो शनिवार को वायरल हो गया।