सोनीपत। गांव कामी निवासी सिक्योरिटी गार्ड के खाते से 13 हजार 800 रुपये साइबर ठगों ने निकाल लिए। उनके खाते में कुल 36 रुपये बचे हैं। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव कामी निवासी सुरेश कुमार ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह बड़ी औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में गार्ड की नौकरी करता है। कंपनी की तरफ से उसको 13 हजार 800 रुपये का वेतन 15 जुलाई को मिला था। उसके बाद 23 जुलाई को उसके मोबाइल पर दस हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। उसने इसकी शिकायत बैंक में की। उसके बाद 28 जुलाई को दोबारा से उसके खाते से 3800 रुपये निकलने का मैसेज आया। उसके खाते में मात्र 36 रुपये ही बचे। सुरेश ने बताया कि वह न तो एटीएम रखता है और न ही उससे किसी ने ओटीपी पूछा। उसने बैंक में जाकर दोबारा से शिकायत की। पैसे वापस नहीं आने पर अब उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद