सोनीपत। शहरवासियों को इलेक्ट्रिक बसों के लिए अभी और इंतजार करना होगा। मुरथल में स्थापित किए जाने वाले चार्जिंग स्टेशन का काम अभी अधूरा है। इस कारण अभी तक सोनीपत डिपो को ट्रायल के लिए भी इलेक्ट्रिक बसें नहीं मिल पाई हैं। जबकि सोनीपत शहर में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की डेडलाइन 30 जून निर्धारित की गई थी। हालांकि रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं, एजेंसी की तरफ से किया जाने वाला कार्य लंबित है। इस कारण इलेक्ट्रिक बसों के लिए इंतजार बढ़ा है।
प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण की मजबूती के लिए प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू करने की योजना तैयार की थी। इसके दूसरे चरण में सोनीपत के साथ ही रेवाड़ी, रोहतक, करनाल, हिसार, अंबाला, कुरुक्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू करने की योजना तैयार की गई थी। इसके तहत सोनीपत डिपो को 50 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी थी। 30 जून को बस सेवा का शुभारंभ करने की तिथि निर्धारित की गई थी। इसके लिए विभाग ने बसों का ट्रायल लेने की बात कही थी। इसके लिए डिपो में पांच बसें आनी थी, लेकिन अभी तक चार्जिंग स्टेशन ही स्थापित नहीं हो पाया है। इस कारण ट्रायल के लिए आने वाली पांच बसें भी डिपो में नहीं पहुंची है।
बनाए जाने हैं 10 प्वाइंट
चार्जिंग स्टेशन पर इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए 10 प्वाइंट बनाए जाने हैं। अभी तक बिजली आपूर्ति को नियंत्रित करने के लिए कंट्रोलर ही लगाए गए हैं। चार्जर लगाने के लिए प्वाइंट नहीं बनाए हैं। वाशिंग यार्ड का काम भी शेष है। यही नहीं अभी तक स्टाफ व स्टोर के लिए कक्ष भी तैयार नहीं है।
ट्रायल के लिए रूट व किराया तय
मुरथल रोड स्थित हरियाणा रोडवेज चालक प्रशिक्षण संस्थान में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाना है। इसके लिए विभाग की तरफ से बिजली कनेक्शन ले लिया था। बिजली निगम ने चार्जिंग स्टेशन के लिए बिजली आपूर्ति भी चालू कर दी है। हालांकि एजेंसी की तरफ से चार्जर स्थापित नहीं किए गए हैं। यही कारण है कि अभी तक डिपो में ट्रायल के लिए आने वाली बसें भी नहीं पहुंच पाई हैं। जबकि रोडवेज विभाग ने ट्रायल के लिए सोनीपत से गन्नौर, कुंडली व फरमाणा रूटों का चयन किया था। यही नहीं विभाग की तरफ से इलेक्ट्रिक बसों के लिए 10, 15 व 20 रुपये किराया भी निर्धारित कर लिया है।
वर्जन
इलेक्ट्रिक बसों के लिए रोडवेज प्रबंधन ने अपनी तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एजेंसी की तरफ से ही कुछ काम शेष है। इसके पूरा करते ही बसों को लाने की तैयारी शुरू कर दी जाएगी।
संजय, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, सोनीपत