गांव दोदवा में वीरवार को हुई किसान की हत्या के मामले में पुलिस पर ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने लाठ-जौली चौक पर सोनीपत-गोहाना रोड को जाम कर दिया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन पर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व चारों भाइयों को पुलिस सुरक्षा व पिस्तौल का लाइसेंस देने की मांग की। वहीं जाम की सूचना पर पहुंची एएसपी निकिता खट्टर ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। आश्वासन मिलने पर करीब डेढ़ घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। इसके बाद वाहन चालकों को राहत मिल सकी।
यह था मामला
गांव दोदवा निवासी राजेंद्र वीरवार को खेत पर काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहा था। राजेंद्र के पीछे ही भाई सोमवीर पैदल आ रहा था। इसी दौरान कई हमलावरों ने राजेंद्र की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक के भाई ने गांव के ही मनप्रीत उर्फ गोलू व उसके साथियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुक्रवार दोपहर नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम में राजेंद्र के शरीर में 15 गोली लगने के निशान मिले। चिकित्सकों ने उसके शरीर से तीन गोली भी निकाली हैं।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप
मृतक के भाई व अन्य परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजेंद्र और मनप्रीत उर्फ गोलू में करीब आठ माह पहले कहासुनी हो गई थी। इसको लेकर मनप्रीत ने 27 फरवरी को राजेंद्र को गोली मारी थी। तब राजेंद्र गोली घायल हो गया था। सोमबीर ने आरोप लगाया कि वह आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कई बार पुलिस अधिकारियों के पास गए, लेकिन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। जबकि बुटाना में पिछले दिनों हुई दो पुलिसकर्मियों की हत्या के 24 घंटे बाद ही आरोपियों पर कार्रवाई कर दी थी।
एसपी को बुलाने पर अड़े रहे परिजन
जाम लगा रहे परिजन डीएसपी सतीश व एएसपी निकिता खट्टर के सामने एसपी को बुलाने की मांग पर अडे़ रहे। परिजनों ने परिवार की सुरक्षा, चारों भाइयों को पिस्तौल का लाइसेंस देने की मांग करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। एएसपी निकिता खट्टर ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आरोपी ने सोशल मीडिया पर डाली धमकी भरी पोस्ट
परिजनों ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद आरोपी मनप्रीत ने सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट डाली है। उसने लिखा है कि अगर किसी ने गांव में उनका विरोध किया तो उनका अंजाम अच्छा नहीं होगा। आरोपी ने खुद को कुख्यात बदमाश काला जठेड़ी गैंग का सदस्य बताया है।
जाम से वाहन चालक रहे परेशान
लाठ-जौली चौक पर जाम लगाने से सोनीपत मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। चौक पर महिलाओं व अन्य ग्रामीणों ने किसी को भी वाहन नहीं निकालने दिया। इससे आमजन को काफी परेशानी हुई। कुछ वाहन चालक तो दूसरे मार्गों से रवाना हुए। उन्हें लंबा चक्कर काटना पड़ा। इस दौरान परिजनों ने एक एम्बुलेंस के लिए रास्ता भी दिया।
वर्जन
पुलिस ने हत्या के आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। राजेंद्र को 15 गोली लगी थीं। पूछताछ के लिए 15 लोगों को हिरासत में लिया है। -निकिता खट्टर, एएसपी गोहाना।
जाम लगा रहे परिजनों से बातचीत करती एएसी व अन्य पुलिस अधिकारी।- फोटो : Sonipat