सोनीपत के गांव ताजपुर के पास अनियंत्रित कार के पेड़ से टकराने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में कार चालक मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने कार पेड़ से टकराई देख पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मुरथल थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें ; उपासना का महापर्व शुरू: हाथी पर सवार होकर पधारी मां दुर्गा, मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की कतारें
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव ताजपुर के पास एक कार पेड़ से टकरा गई है। कार में दो युवक सवार हैं। कार चालक की खिड़की खुली है लेकिन वहां कोई नहीं है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। शवों की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव सिसाना निवासी निखिल व बबली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने अनभिज्ञता जाहिर की है कि दोनों ताजपुर किसके साथ गए थे। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।