शहर के बाईपास पर गोपालपुर चौक के पास शुक्रवार दोपहर बाद हुए सड़क हादसे में भाई-बहन सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें से चार घायलों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। जबकि छात्रा को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
खरखौदा के रहने वाला कपिल अपनी छोटी बहन कन्नू को स्कूल से छुट्टी होने पर बाइक से लेने के लिए गया था। जब वह कन्नू को अपने साथ लेकर बरोणा मार्ग स्थित अपने घर के लिए बाईपास से लौट रहा था तो रोहतक की तरफ से आ रही बाइक की उसकी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां से चार को गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। दूसरी बाइक पर सवार घायल रोहतक के गांव इस्माइला निवासी मोहित ने बताया कि वह अपने साथी दिल्ली के औचंदी निवासी मोहित व झज्जर के गांव खरहर निवासी सागर के साथ औचंदी जा रहा था। बीच रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।