लॉकडाउन के दौरान आर्थिक मंदी झेल चुके बीसवां मील मार्केट के लोगों की परेशानी फिर से बढ़ गई है। नेशनल हाईवे (एनएच)-44 के निर्माण कार्य के चलते बीसवां मील चौक से मार्केट में आने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है। जठेड़ी रोड पर पहले से ही पानी भरा होने के कारण मार्केट पहले ही आसपास के दर्जनों गांवों व सोसाइटी से कटी हुई है। जिसका सीधा असर यहां के बाजार पर पड़ रहा है। जिससे बाजार काफी हद तक चौपट हो चुका है। दुकानदारों ने हाईवे का रास्ता कार व अन्य छोटे वाहनों के लिए खोलने की मांग की है।
कोरोना संक्रमण के चलते बाजार बुरी तरह से प्रभावित हुए थे। लॉकडाउन में ज्यादातर दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं थी। ऐसे में लोगों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा था। राहत के बाद अब बाजार में भीड़ बढ़ने लगी थी। बीसवां मील से बहादुरगढ़ को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे पर भी दुकानदारों को राहत मिली थी। लेकिन अब दुकानदारों की मुसीबत फिर से बढ़ गई है। अब नेशनल हाईवे से बीसवां मील रोड को बंद कर दिया गया है। ऐसे में इस रास्ते से आने वाले लोगों को घूम कर जाना पड़ रहा है। जिसका असर मार्केट पर पड़ रहा है। बीसवां मील मार्केट के एक हजार दुकानदारों के परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया है। दुकानों पर कोई पहुंच ही नहीं पा रहा है। दुकानदारों का काम पूरी तरह से ठप हो गया है। हाईवे का रास्ता बंद होने का असर रक्षाबंधन पर्व के दिन भी दुकानदारी पर रहा। दुकानदार धर्म सिंह, विनोद, संजय, मनोज का कहना है कि पर्व के दिन भी दुकानदारी ठप रही।
कई गांवों व 5 रेजिडेंशियल कॉलोनियों से कटा संपर्क
बहादुरगढ़ स्टेट हाईवे को जठेड़ी के पास पानी भरने से उस तरफ से लोग पहले ही नहीं आ रहे है। करीब 12 गांवों का संपर्क मार्केट से कट गया है। जठेड़ी, जगदीशपुर, बारोटा, छतेहरा, माजरा, भौवापुर, खेड़ी मनाजात, लाडपुर, नाहरा-नाहरी, गढ़ी बिंदरौली व हलालपुर के लोग अब बीसवां मील मार्केट में नहीं आ पा रहे हैं। इसके साथ ही ट्यूलिप सिटी, मैक्स हाइट, अंसल, जिंदल रेजीडेंसी व सहारा कॉलोनी के लोग भी बीसवां मील मार्केट से नहीं गुजर रहे हैं। जिससे इनकी खरीद भी बंद हो गई है।
जीटी रोड से दूसरी तरफ के गांव भी कटे
जीटी रोड से दूसरी तरफ सेवली, जाखौली, औरंगाबाद समेत कई गांव के लोग बीसवां मील मार्केट में खरीदारी को आते हैं। अब बीसवां मील चौक पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते हाईवे के बीच बैरिकेड लगाकर उसे वाहनों के रोक दिया गया है। इसका असर भी अब बीसवां मील मार्केट की सेल पर ही पड़ रहा है।