खरखौदा। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर पिपली टोल प्लाजा के पास हुए सड़क हादसे में मुंडलाना निवासी सीमा सुरक्षा बल के जवान अपने परिवार सहित घायल हो गए। वह परिवार सहित शादी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।
गांव मुंडलाना निवासी भगत सिंह का कहना है कि वह सीमा सुरक्षा बल में सेवारत हैं और फिलहाल जम्मू के पलोडा कैंप में तैनात हैं। वह छुट्टी लेकर घर आए हुए थे और 2 मार्च को परिवार के साथ चचेरे भाई की शादी में गुरुग्राम गए थे। वह जब परिवार के साथ वापस लौट रहे थे तो केएमपी पर पिपली टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर उन्होंने अपनी कार को लघुशंका क लिए रोक लिया। वह इसके बाद कार में बैठ ही रहे थे कि इसी दौरान पीछे से एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। ट्रक चालक भाग गया। हादसे में उन्हें व उनके परिवार के सदस्यों को चोट आई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। भगत सिंह का कहना है कि उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट आने के चलते उनके हाथ व पैरों ने काम करना बंद कर दिया है। पुलिस ने भगत सिंह की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।