फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मशाल पहुंची सोनीपत

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मशाल यात्रा मंगलवार देर शाम सोनीपत पहुंची। राहगीरी के जरिए सांसद रमेश कौशिक व उपायुक्त ललित सिवाच ने मशाल यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने मशाल को मालाएं पहनाते हुए सांकेतिक मशाल का भी स्वागत किया। मशाल यात्रा के स्वागत में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। खिलाड़ियों के उत्साह और खेल प्रशिक्षकों के जोश ने सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। सांसद ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों के साथ है। केंद्र सरकार खिलाड़ियों को विशेष रूप से बढ़ावा दे रही है। इसके परिणाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रहे हैं।
विज्ञापन

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मशाल यात्रा के स्वागत में मंगलवार को सेक्टर-23 की मुख्य मार्केट परिसर में राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद रमेश कौशिक ने दीप जलाकर किया। उन्होंने कहा कि इस बार खेलो इंडिया का आयोजन हरियाणा की धरती पर हो रहा है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रेरणा, अवसर और उत्साह मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि देश को आगे बढ़ाने के लिए खेल-खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना होगा। इसलिए उन्होंने इस दिशा में बेहतरीन प्रयास किये हैं, जिससे पहली बार हिंदुस्तान ने इतनी बड़ी संख्या में ओलंपिक में पदक जीते हैं। सांसद ने कहा कि हरियाणा की बेहतरीन खेल नीति के चलते प्रदेश के खिलाड़ियों ने ओलंपिक में 50 फीसदी पदक देश के लिए जीते हैं और हरियाणा के 50 फीसदी पदकों में 50 फीसदी हिस्सेदारी सोनीपत की रही है।
राहगीरी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए ओलंपियन योगेश्वर दत्त ने कहा कि हरियाणा में खेलो इंडिया का आयोजन 4 जून से हो रहा है, जिससे खेलों को बढ़ावा मिलेगा। आने वाले ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ी देश के लिए और अधिक पदक जीतकर लाएंगे। उन्होंने कहा कि नई खेल प्रतिभाओं को संकल्प लेना होगा कि वे 2024 व 2028 ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा होगा तभी सफलता मिलेगी।
विज्ञापन

इंसेट
बहालगढ़ चौक से किया मशाल यात्रा का स्वागत
मशाल यात्रा का सोनीपत पहुंचने पर खिलाड़ियों ने बहालगढ़ चौक पर जोरदार स्वागत किया। तालियों की गड़गड़ाहट और फूलमालाओं से मशाल यात्रा का स्वागत करते हुए आगे रवाना किया गया। इसके बाद सेक्टर-4 खेल स्टेडियम के प्रवेश मार्ग पर फिम्स अस्पताल के समक्ष, महाराणा प्रताप चौक, गीता भवन, तिरंगा चौक पर मशाल यात्रा का स्वागत किया गया। सेक्टर-23 मार्ग पर राजू पैलेस के पास जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम शशि वसुंधरा ने मशाल यात्रा का स्वागत किया। सेक्टर-23 में मशाल यात्रा के प्रवेश ने खिलाड़ियों में नये उत्साह का संचार किया। राजू पैलेस से मशाल को खिलाड़ियों ने हाथों में पकड़कर दौड़ लगाते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचाया। मशाल यात्रा के पीछे खिलाड़ी दौड़ लगाते हुए चलते चले।
इंसेट
नाचते-गाते किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मशाल यात्रा के स्वागत में स्कूली विद्यार्थियों ने नाचते-गाते हुुए बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी, जिसकी शुरुआत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा की छात्राओं ने हरियाणवी समूह नृत्य की। छात्राओं ने थारे आणे तै बढ़ ग्या मान म्हारे हरियाणे का गाने पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर बारोटा की छात्राओं ने फ्यूजन डांस की प्रस्तुति में पंजाबी व हरियाणवी को मिश्रित करते हुए दमदार प्रस्तुति दी। मामचंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने बन्ना रे बागां महैं झूला डाला गाने पर राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किया। रामजस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने टोकणी पीतल की मैं तो पाणी भरण नै ल्याई गाने पर हरियाणवी समूह नृत्य प्रस्तुत किया। अंत में जैन विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने सुनो गौर से दुनियां वालों बुरी नजर न हमपे डालो...देशभक्ति समूह नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
वहीं खेलो इंडिया की थीम पर निर्मित गीत की दमदार प्रस्तुति से मशाल यात्रा के सम्मान एवं स्वागत में आयोजित राहगीरी का आगाज किया गया, जिसकी प्रस्तुति इंडियाज गोट टैलेंट के कलाकारों जेडी ग्रुप ने दी। इस समूह की धमाकेदार प्रस्तुति ने दर्शकों को दांतों तले अंगुलियां दबाने पर मजबूर कर दिया। राहगीरी कार्यक्रम ने सेक्टर-23 को खेलों के रंग में रंग दिया।
इंसेट
पौधे भेंट कर किया सम्मानित
एसडीएम शशि वसुंधरा व नगराधीश डॉ. अनमोल ने सांसद रमेश कौशिक, उपायुक्त ललित सिवाच, ओलंपियन योगेश्वर दत्त, अमित दहिया, द्रोणाचार्य अवॉर्डी ओमप्रकाश दहिया, ध्यानचंद अवॉर्डी कुलदीप मलिक को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर एचसीएस अंकिता वर्मा व अमित मान, डीएसओ शर्मिला सहित डीईओ बिजेंद्र नरवाल, डॉ. अनिल सहरावत, बीईओ जितेंद्र छिक्कारा, सुरजीत सिंह, डॉ. सुभाष सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी व अधिकारीगण मौजूद रहे। मंच का संचालन डॉ. सुभाष सिसोदिया ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें