शहर के सेक्टर-14 में दो माह पहले हुई बारिश के दौरान मुरथल रोड की तरफ जाने वाला मार्ग टूट गया था। उसके साथ ही आसपास पानी की निकासी न होने के कारण सेक्टरों की अधिकतर सड़कें भी टूट गईं।
मार्ग का निर्माण नहीं होने से परेशान लोगों ने मंगलवार को एकत्रित होकर नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया। उनका कहना है कि सड़क निर्माण के लिए वह निगम पार्षद से लेकर अधिकारियों को कई बार शिकायत कर चुके हैं। उसके बाद भी निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण सड़क से पत्थर भी उखड़ रहे हैं। जिससे हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
सेक्टर का लोगों का कहना है कि बारिश के कारण शहर के पॉश इलाके सेक्टर-14 में सड़क टूटने लगी है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही के कारण पत्थर भी लगातार उखड़ रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है। बारिश के दौरान पानी घरों के अंदर भी घुस जाता है। ऐसे में लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। उसके बावजूद निगम के अधिकारी लोगों की समस्या को दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे।
बारिश के दौरान समय पर पानी निकासी नहीं होने से सड़क टूट रही है। वाहनों के आवागमन की वजह से सड़क से पत्थर भी उखड़ रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत करने पर उनकी समस्या का अभी तक समाधान नहीं कराया गया है।
- कृष्ण गोपाल
निगम अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा सेक्टर में रहने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में पानी निकासी का प्रबंध नहीं किया गया है। सड़क पर ज्यादा पानी भरने के बाद घरों में घुसना शुरू हो जाता है। इससे लोगों की परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है।
- सचिन
सेक्टर-14 से मुरथल रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर अस्पताल, धार्मिक स्थल व शिक्षण संस्थान है। जहां पर छात्रों व आम लोगों का रोजाना आवागमन रहता है। चिंतपूर्णी माता मंदिर के सामने सड़क टूटने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
- नरेश
नगर निगम की ओर से लोगों की समस्या को दूर करते हुए सड़क निर्माण जल्द करना चाहिए, ताकि भविष्य में सेक्टर के लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, लेकिन सड़क पर पत्थर उखड़ने की वजह से रोजाना हादसे हो रहे हैं।
- एनआर गुप्ता
वर्जन
माता चिंतपूर्णी मंदिर के सामने रहने वाले कुछ लोगों ने अपने सीवर के कनेक्शन रेन वाटर लाइन में करवा रखे हैं। ऐसे में बारिश के दौरान रेन वाटर लाइन से पानी निकासी नहीं हो पाती। इसके कारण सेक्टर की सड़कों पर पानी जमा रहता है, जिससे सड़क लगातार टूट रही है।
- सुरेंद्र मदान, निगम पार्षद
वर्जन
सड़क के निर्माण को लेकर टेंडर अलॉट कर रखा है। बारिश का सीजन खत्म होने के बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
- अशोक रावत, एक्सईएन नगर निगम।