सेल्समैन केशवदत्त भी दरवाजा बंद करके सो गया था। बताया जा रहा है कि रात को दो-तीन बदमाश ठेके पर पहुंचे। उन्होंने सेल्समैन से ठेके का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की लेकिन सेल्समैन ने इसके लिए मना कर दिया। इसके बाद बदमाश सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े। उन्होंने यहां छत से मिट्टी हटाकर ठेके के अंदर घुस गए। इसके बाद बदमाशों ने वहीं से बोतलें उठाकर सेल्समैन को घोंप दी।
उन्होंने उसके चेहरे पर भी वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात स्थल का एएसपी निकिता खट्टर ने सदर थाना एसएचओ कर्मजीत सिंह के साथ मुआयना किया। इसके साथ ही एफएसएल की टीम ने भी वहां से सुबूत जुटाए।
ठेकेदार ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात होने की आशंका जताई
ठेकेदार सुधीर कुमार ने पुलिस को बताया कि उसे सुबह करीब नौ बजे गांव नूरनखेड़ा निवासी राजीव ने ठेके के बाहर खून लगा और दरवाजा बंद होने की जानकारी दी। वह हर रोज की तरह गुरुवार सुबह ठेके पर नकदी लेने के लिए गया था। उसने ठेके पर पहुंचकर दरवाजा खोलकर देखा तो केशवदत्त लहूलुहान हालत में मृत अवस्था में फर्श पर पड़ा था। उसके हाथ-पैरों व मुंह पर चोट के निशान थे।
उसने आशंका जताई है कि किसी ने पुरानी रंजिश में दरवाजा न खोलने पर छत उखाड़ कर तेजधार हथियार से सेल्समैन केशवदत्त की हत्या कर दी। शराब ठेके से करीब 18 हजार रुपये भी गायब हैं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। गुरुवार शाम तक मृतक के परिजन गोहाना नहीं पहुंचे थे, जिस पर पुलिस शुक्रवार को शव का अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाएगी।
जवाहरा गांव के शराब ठेके पर सेल्समैन की हत्या की सूचना मिली थी। वारदातस्थल का मुआयना किया गया है। प्राथमिक जांच में लग रहा है कि लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया है। यहां से कैश भी गायब मिला है। शव का पोस्टमार्टम सुबह करवाया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - कर्मजीत सिंह, सदर थाना प्रभारी।