खरखौदा (सोनीपत)। गांव हलालपुर में महिला पहलवान और उसके भाई की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी सुशील कुमार कुश्ती अकादमी के कोच और उसके चचेरे साले को पुलिस ने वीरवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस उनसे वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक नहीं बरामद कर सकी है। दोनों ने अपने मोबाइल नहर में फेंकने की बात कही है। पुलिस ने उन स्थानों की वीडियोग्राफी कराई है।
गांव हलालपुर कुश्ती अकादमी में पहलवान निशा व अकादमी के बाहर उसके भाई सूरज की 10 नवंबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी मां धनपति को भी घायल किया गया था। हमले का आरोप निशा के कोच पवन, उसकी पत्नी सुजाता, साले अमित व चचेरे साले सचिन पर लगा था। पुलिस ने चारों को पकड़ लिया था। मामले में बाद में पवन के रसोइया विक्रम को भी पकड़ा गया था। विक्रम ने अकादमी से उखाड़ी गई सीसीटीवी की डीवीआर को नहर में फेंकने की बात कुबूली थी।
जिसे बरामद नहीं किया जा सका। पुलिस ने डीवीआर फेंकने के स्थान की वीडियोग्राफी कराई थी। अब रिमांड पर लिए गए पवन व सचिन ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने फरारी में इस्तेमाल की गई बाइक को कुंडली के पास छोड़ दिया था। उसे भी बरामद नहीं किया जा सका है। वहीं रिमांड के दौरान पवन व सचिन ने बताया कि उन्होंने अपने मोबाइल भी नहर में फेंक दिए थे। जिसमें एक मोबाइल मुनीरपुर के पास व दूसरा अन्य स्थान पर फेंका गया था। पुलिस ने दोनों स्थानों की निशानदेही कराकर वीडियोग्राफी करा ली है।
वर्जन
महिला पहलवान व उसके भाई की हत्या के आरोपी पवन व सचिन को भी कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने मोबाइल नहर में फेंकने की बात कुबूल की है। उन स्थानों की निशानदेही व वीडियोग्राफी करा दी गई है।
इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, खरखौदा