हरियाणा के सोनीपत स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि मुरथल में उत्तर क्षेत्रीय अंतर विवि महिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला पंजाब विवि चंडीगढ़ व पंजाबी विवि पटियाला के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों की 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं। फाइनल मुकाबले के लिए खिलाड़ियों में उत्साह बना हुआ है।
विज्ञापन
मुरथल विवि में गुरुवार को उत्तर क्षेत्रीय अंतर विवि महिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता के दौरान सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पंजाब विवि चंडीगढ़ व पंजाबी विवि पटियाला की टीम ने प्रतिद्वंद्वी को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। खेल निदेशक डॉ. बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पहला सेमीफाइनल मैच पंजाब विवि चंडीगढ़ व एमडीयू रोहतक के बीच खेला गया।
पंजाब विवि चंडीगढ़ की तरफ से हिमशिखा सिंह ने एमडीयू रोहतक की रितु को 6-2, 2-6 व 6-2 से पराजित किया। पंजाब विवि की अन्नाम ने एमडीयू की नैंसी मलिक को 6-3 व 6-4 से पराजित किया। पीयू, चंडीगढ़ की टीम ने एमडीयू, रोहतक की टीम को सेमीफाइनल में 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
खेल निदेशक डॉ. बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि दूसरा सेमीफाइनल मैच पंजाबी विवि पटियाला व जेएमआई, दिल्ली के बीच खेला गया। पंजाबी विवि, पटियाला की तरफ से खेलते हुए स्मृति ने जेएमआई, दिल्ली की दीपशिखा को 6-1 व 6-4 से पराजित किया। जेएमआई, दिल्ली की लिजा ने पीयू, पटियाला की पूजा को 7-5 व 7-5 से पराजित किया।
एकल प्रतिस्पर्धा में दोनों टीमों के बीच मुकाबला 1-1 पर होने के कारण युगल प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया गया। युगल प्रतिस्पर्धा में पीयू, चंडीगढ़ की तरफ से पूजा व स्मृति ने जेएमआई, दिल्ली की लिजा व दीपशिखा को 6-4 व 6-1 से पराजित किया। तीसरे व चौथे स्थान के लिए एमडीयू रोहतक व जेएमआई दिल्ली के बीच मुकाबला होगा।