स्वास्थ्य विभाग की महानिदेशक डॉ. सोनिया त्रिखा ने बुधवार को नागरिक अस्पताल के आपातकालीन वार्ड समेत कई वार्डों का निरीक्षण किया। आपातकालीन वार्ड में बिस्तरों की ऊंचाई कम होने व नर्सिंग रूम में काफी संख्या में रजिस्टर रखे मिलने पर महानिदेशक ने स्टाफ को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि वह चौथी बार अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण करने आई हैं, उसके बावजूद स्थिति में सुधार के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इस पर सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर और उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिन्नी लांबा को अस्पताल में व्यवस्था सुधारने के निर्देेश दिए।
इससे पहले महानिदेशक निर्माणाधीन वात्सल्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचीं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से जल्द ही वात्सल्य केंद्र की शुरुआत की जाएगी। इस केंद्र में एसएनसीयू (स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट) में भर्ती होने वाले प्री-मेच्योर व कमजोर नवजात बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी भर्ती किया जा सकेगा। इसके लिए उन्होंने सिविल सर्जन को बच्चों की देखभाल के लिए दो और विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थायी तौर पर ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। वहीं अस्पताल में सार्वजनिक-निजी साझेदारी (पीपीपी) मोड पर लगने वाले कैथ लैब को लेकर चर्चा की। इस पर महानिदेशक ने सिविल सर्जन को कैथ लैब के लिए दोबारा प्रस्ताव देने के निर्देश दिए।
महानिदेशक ने ओपीडी परिसर के साथ जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी) का निरीक्षण किया। ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे मरीजों की समस्याएं सुनीं। इस पर मरीजों ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी होने के कारण इलाज देरी से मिलता है। अस्पताल में भीड़ बढ़ने के कारण उनको परेशानी होती है। इसके बाद उन्होंने सिविल सर्जन व स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की और स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान उप सिविल सर्जन डॉ. गीता दहिया, डॉ. दिनेश छिल्लर, डॉ. सीताराम मौजूद रहे।
हटाए गए ठेका स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रदर्शन करके सौंपा ज्ञापन
सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर हटाए गए ठेका स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने महानिदेशक को मांगपत्र सौंपकर दोबारा नौकरी पर रखने की मांग की। इस पर उन्होेंने कहा कि वह पहले ही उनकी मांग को सरकार तक पहुंचा चुकी हैं। ठेका स्वास्थ्यकर्मियों की तरफ से मिले ज्ञापन को भी सरकार तक भेज दिया जाएगा। इस दौरान आशीष, रविन, संतोष, सरिता, मंजू, श्वेता, रश्मि, प्रगति, मोनू, शिवकुमार, साहिल, ज्योति, नीतू, एकता, सोनिया व रेणू मौजूद रहे।