बूस्टिंग स्टेशन के निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों व पार्षद से बात करते भाजपा नेता राजीव जैन।
- फोटो : Sonipat
भाजपा नेता राजीव जैन ने शहर में पेयजल किल्लत के चलते निगम अधिकारियों को मुखी अस्पताल, सुंदर सांवरी, सेक्टर-12 व 23 में सवा दो लाख लीटर क्षमता वाले नवनिर्मित बूस्टिंग स्टेशनों को एक सप्ताह के अंदर शुरू करने के लिए कहा है। उन्होंने निगम अधिकारियों के साथ बूस्टिंग स्टेशनों का दौरा किया। इससे पहले अमर उजाला में नए बूस्टिंग स्टेशन चालू न होने का मुद्दा 8 अप्रैल का प्रकाशित किया था।
राजीव जैन ने कहा कि लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से इन बूस्टिंग स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है और अब केवल बिजली के कनेक्शन लगने बाकी है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता अशोक रावत, एसडीओ नरेंद्र कुमार, पार्षद हरि प्रकाश सैनी, पार्षद सुरेंद्र नैय्यर से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता संदीप जैन से भी फोन पर बातचीत करके जल्द बिजली के कनेक्शन जारी करने के लिए कहा।
राजीव जैन ने कहा कि शहर में पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए अमृत योजना के तहत 54 करोड़ रुपये से काम शुरू हुआ, परंतु अधिकारियों व ठेकेदारों के ढीलेपन के कारण संकट झेलना पड़ रहा है। इसी तरह विभिन्न वार्डों में लगाए गए 17 ट्यूबवेलों पर कहीं मोटर नहीं लगी और कहीं कनेक्शन नहीं हुए। उन्होंने सुंदर सांवरी में निर्मित एक लाख लीटर क्षमता वाले टैंक को भरने के लिए गहराई वाला ट्यूबवेल लगाने के लिए कहा है। भाजपा नेता ने कहा कि इस बार बिजली संकट को देखते हुए बूस्टिंग स्टेशनों पर जनरेटर की व्यवस्था होनी थी जो अब तक पूरी नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि ककरोई रोड पर निर्माणाधीन 15 मिलियन लीटर रोजाना (एमएलडी) क्षमता वाले जल शोधन प्लांट को पानी मिलने का रास्ता मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद जल्द हल हो जाएगा। इसके बाद शहर के लोगों को पीने के पानी के लिए तरसना नहीं पड़ेगा।