गीता भवन चौक स्थित जीवीएम स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के लिए लगी विद्यार्थि
- फोटो : Sonipat
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार को 10वीं और 12वीं कक्षा के वैकल्पिक पेपरों में भी विद्यार्थी नकल करने से बाज नहीं आए। वहीं कई परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप जारी रहा। नकल रोकने के लिए गठित उड़नदस्तों ने जिले से 7 नकलची पकड़े। शिक्षा अधिकारियों ने कहा कि नकल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को 10वीं कक्षा का शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा, ड्राइंग, कृषि, संस्कृत, कंप्यूटर विज्ञान व गृह विज्ञान का और 12वीं कक्षा का कृषि व फिलॉसफी (दर्शन शास्त्र) विषय का पेपर हुआ। दोपहर 12:30 बजे पेपर शुरू होने के कुछ देर बाद ही बाहरी तत्व परीक्षा केंद्रों पर खिड़कियों के सहारे नकल डालने के लिए सक्रिय हो गए थे। दोपहर बाद 3 बजे पेपर देकर निकले विद्यार्थियों के चेहरे खिले हुए थे। विद्यार्थियों ने कहा कि पेपर बेहद आसान था। कुछ विद्यार्थियों ने कहा कि उन्होंने निर्धारित समय से पहले ही पेपर पूरा कर लिया था, लेकिन परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी, इसलिए समय पूरा होने का इंतजार करते रहे। पेपर के दौरान गठित उड़नदस्तों की टीमों ने जिले में बनाए गए 82 परीक्षा केंद्रों मेें से अधिकतर पर निरीक्षण किया। पेपर के दौरान दोनों कक्षाओं में 7 विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा। जिनकी यूएमसी बनाई गई।
शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि जिले में नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों में बाहरी तत्वों का हस्तक्षेप रोकने की जिम्मेदारी पुलिस कर्मचारियों की है। परीक्षा केंद्रों के अंदर कार्यरत पर्यवेक्षकों को भी नकल के मामले रोकने की सख्त हिदायतें दी गई हैं। अन्य दिनों की अपेक्षा बुधवार को नकल के मामले कम मिले हैं।
बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बुधवार को 10वीं व 12वीं कक्षा के वैकल्पिक विषयों के पेपर थे। पेपर के दौरान फ्लाइंग टीमों ने 7 नकलचियों को पकड़ा है। सभी केंद्र अधीक्षकों व पर्यवेक्षकों को नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। -बिजेंद्र नरवाल, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।