संयुक्त किसान मोर्चा की जिला कमेटी के सदस्यों की बैठक बुधवार को छोटूराम धर्मशाला में हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि 18 अप्रैल को छोटूराम धर्मशाला से लघु सचिवालय पर जुलूस निकाला जाएगा। वहां पर पहुंचकर लखीमपुर खीरी हत्याकांड के आरोपियों को सजा दिलवाने व निर्दोष किसानों की रिहाई की मांग की जाएगी।
इससे पहले ईश्वर सिंह राठी ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सप्ताह मनाने व किसानों को एमएसपी की मांग पर संगठित करने के लिए बैठक बुलाई गई। जिला कमेटी के सदस्यों ने कहा कि तीन कृषि कानूनों को वापस लेते समय सरकार ने एमएसपी पर कमेटी बनाकर जल्द निर्णय लेने की बात कही थी। लेकिन सरकार की तरफ से इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। किसानों में एमएसपी की मांग को लेकर सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। बैठक की अध्यक्षता किसान सभा के नेता श्रद्धानंद सोलंकी ने की। इस दौरान ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह दहिया, भारतीय किसान यूनियन (रतन मान) के नेता ब्रह्म सिंह दहिया, किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता मास्टर ईश्वर सिंह दहिया, भारतीय किसान पंचायत के वजीर सिंह, कृष्ण, आयुष, एआईयूटीयूसी के प्रदेश सचिव हरिप्रकाश, प्रताप सिंह, सेवानंद, मास्टर नफे सिंह मलिक, बिजेंद्र सिंह मंडोरा आदि मौजूद रहे।