खरखौदा। गांव हलालपुर में महिला पहलवान निशा व उसके भाई सूरज की गोली मारकर हत्या करने व मां धनपति को घायल करने के मुख्य आरोपी कोच पवन बराक और उसके चचेरे साले सचिन को पुलिस ने शनिवार दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने दोनों को सब डिविजनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट डॉ. रेणु सोलखे की अदालत में पेश किया, जहां उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। वहीं मुख्य आरोपी की पत्नी सुजाता को रिमांड पूरा होने के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
गांव हलालपुर स्थित सुशील कुमार कुश्ती अकादमी हलालपुर में 10 नवंबर की दोपहर को महिला पहलवान निशा दहिया (22) को चार गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस दौरान पहलवान निशा के भाई सूरज (18) को तीन गोली मारकर हत्या की गई थी और मां धनपति को भी घायल कर दिया था। धनपति ने हत्या का आरोप अकादमी संचालक रोहतक के गांव बालंद निवासी पवन बराक, उसकी पत्नी सुजाता व दो सालों अमित व सचिन पर लगाया था। पवन अपनी ससुराल गांव हलालपुर में ही अकादमी चला रहा था। निशा की मां धनपति का आरोप था कि गलत हरकत का विरोध करने पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुश्ती अकादमी को आग लगा दी थी। सीआईए ने मामले में आरोपी सुजाता व उसके भाई अमित को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन व उसके चचेरे साले सचिन को गिरफ्तार कर लिया था। जहां से देर रात पुलिस उन्हें लेकर सोनीपत पहुंची। दोनों को शनिवार दोपहर को कोर्ट में पेश किया। जहां दोनों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
वहीं सुजाता का रिमांड पूरा होने के बाद उसे शनिवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उससे पूछताछ में कुछ जानकारी मिलने की बात कही है, लेकिन अभी जानकारी को साझा नहीं किया गया है।
डीवीआर को बरामद करेगी पुलिस, खुल सकते हैं राज
पुलिस मुख्य आरोपी पवन व दो अन्य से रिमांड के दौरान अकादमी से उखाड़कर ले जाई गई डीवीआर को बरामद करने का प्रयास करेगी। डीवीआर से पुलिस को अहम सबूत हाथ लग सकते हैं। इसके साथ ही पुलिस टीम आरोपियों को लेकर घटनास्थल की निशानदेही भी कराएगी। पुलिस आरोपियों को अकादमी के साथ ही नहर के पास भी लेकर जाएगी। जहां सूरज की हत्या की गई थी। हालांकि पुलिस मामले में सीन रिक्रिएट नहीं कर सकेगी। पुलिस का कहना है कि अकादमी में आग लगाने व दीवार आदि तोड़ने से ऐसा कर पाना संभव नहीं लग रहा।
धनपति का दिल्ली के अस्पताल में हुई सर्जरी वारदात में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुई पहलवान निशा दहिया की मां धनपति की चाणक्यपुरी, दिल्ली के प्राइमस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सफल सर्जरी हो गई है। धनपति के पति दयानंद के स्टाफ सदस्यों ने सीआरपीएफ से आकर उन्हें खून दिया। वहीं खुद डीआईजी ने पहुंचकर उनसे मुलाकात की। वारदात में घायल धनपति को पहले पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया गया था, लेकिन गंभीर हालत के चलते परिजन उन्हें निजी अस्पताल में लेकर गए थे।
वर्जन
मामले के आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। प्रयास किया जा रहा है कि वारदात से संबंधित ज्यादा से ज्यादा सबूत एकत्रित किए जाए। घटनास्थल पर आरोपियों को लेकर जाकर निशानदेही कराई जाएगी। - डॉ. मयंक गुप्ता, एएसपी, खरखौदा।