सोनीपत। खालिस्तान समर्थित आतंकवादी अब छोटे स्तर पर बदमाशों को अपने साथ जोड़कर आपराधिक वारदात को अंजाम दिलवाने लगे हैं। खालिस्तानी हैंडलर के रूप में जुआं व राजपुर के चार बदमाशों की गिरफ्तारी इसे ही इंगित कर रही है। वह छोटे स्तर पर बदमाशों को लालच देकर अपने साथ जोड़ रहे हैं। जिससे वह आसानी से उनके लिए टारगेट किलिंग को अंजाम दे सके और इससे आतंकवादियों की पहचान भी सामने नहीं आ सके।
पुलिस ने जुआं व राजपुर गांव से चार आतंकियों को पकड़ा था। सीआईए-1 ने जुआं गांव के सागर उर्फ बिन्नी, सुनील उर्फ पहलवान, जतिन और राजपुर के सुरेंद्र उर्फ सोनू को काबू कर एके-47, पांच विदेशी पिस्तौल व एक देसी पिस्तौल बरामद की थी। पुलिस का खालिस्तान समर्थक आतंकियों की कड़ी जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है। गिरफ्तार चारों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड कुछ ज्यादा बड़ा नहीं है। इनमें भी जुआं गांव के सुनील व जतिन का नाम अपराध की दुनिया में नया ही है। ऐसे में पुलिस की जांच में सामने आया है कि खालिस्तान समर्थित आतंकवादी अब छोटे स्तर के अपराधियों से संपर्क कर उन्हें अपने साथ जोड़ रहे हैं। इन पर जहां सुरक्षा एजेंसी भी ज्यादा ध्यान नहीं रखती। ऐसे में यह आतंकवादियों के इशारे पर आसानी से टारगेट किलिंग को अंजाम दे देते हैं। साथ ही यह दूरदराज के क्षेत्र के होने के चलते आसानी से निकल जाते है। सागर व उसके साथियों की गिरफ्तारी से पुलिस की चुनौती ज्यादा बढ़ गई है। अब पुलिस को छोटू स्तर के बदमाशों की निगरानी बढ़ानी पड़ रही है।
गोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी में सीआईए
सीआईए की टीम पंजाब में गिरफ्तार आतंकी गोपी को प्रोडक्शन पर लाने की तैयारियों में जुटी है। इसके लिए कागजी कार्रवाई की जा रही है। आतंकी गोपी ने ही सागर व उसके साथियों को अंबाला में एके-47 व अन्य अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराए थे। उससे पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।