सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) मुरथल के शिक्षकों ने अतिरिक्त कार्यभार के खिलाफ बुधवार को भी अपना विरोध जारी रखा। शिक्षकों ने विवि प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
विवि प्रशासन ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक टूर को रोकने के लिए नया फरमान भी जारी कर दिया है। डीक्रूटा का आरोप है कि विश्वविद्यालय में शिक्षक, कर्मचारी व विद्यार्थी स्वच्छ पानी के लिए भी तरस रहे हैं। डीसीआरयूएसटी की शिक्षक यूनियन ने विवि प्रशासन की नीतियों के खिलाफ अपना रोष जारी रखा है। शिक्षकों का कहना है कि वह केवल विवि एक्ट के अनुसार पदों पर कार्य करेंगे। जिससे विद्यार्थियों के हितों के साथ खिलवाड़ ना हो। शिक्षकों का कहना है कि विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक टूर की मंजूरी के लिए फाइल टूर की तिथि से 17 दिन पहले चलाई थी। नए फरमान के कारण विद्यार्थियों का शैक्षणिक टूर इसलिए रद्द कर दिया कि वह फाइल 20 दिन पूर्व चलनी चाहिए थी। जबकि किसी भी कार्यक्रम की तिथि का निर्धारण आगे से किया जाता है, न की विद्यार्थियों की तरफ से।