फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसा नहीं राकेश की हुई थी हत्या, दोस्तों ने ही जला दिया था कार में डालकर

विज्ञापन
विज्ञापन
गांव कुमासपुर-नांदनौर रोड पर मेहंदीपुर के डेयरी संचालक राकेश उर्फ फुलकवार की मौत कार में आग लगकर जलने से नहीं हुई थी। उसके ही तीन साथियों ने उस पर हमला कर कार में डालकर जला दिया था। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए बताया कि आरोपियों के साथ राकेश का शराब के नशे में झगड़ा हुआ था। बाद में एक आरोपी ने उसकी कार डंपर में टकराई तो उसने उसे थप्पड़ मार दिया था। जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने उसके दो साथियों मुरथल निवासी देवेंद्र व मूल रूप से बुटाना फिलहाल मयूर विहार सोनीपत निवासी अंजीत को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। इनका एक और साथी फिलहाल फरार है।
विज्ञापन

गांव कुमासपुर-नांदनौर रोड पर 26 दिसंबर, 2021 को सुबह जली हुई कार में एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला था। सुबह ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो जली कार देखकर राई थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के बाद कार के नंबर के आधार पर शव की पहचान राकेश के रूप में की थी। वह गांव में ही दूध की डेयरी चलाता था। पता लगा था कि वह 25 दिसंबर की शाम को मुरथल में एक शादी समारोह में शामिल होने आई-20 कार से गया था। बाद में उसका कंकाल जली हुई कार में चालक सीट पर पड़ा मिला था। परिजनों ने हादसा होने व कार में आग लगने के चलते मौत होने की आशंका जताई थी। पुलिस ने भाई राजकुमार के बयान पर सड़क हादसे में मौत का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
-------------
जांच में हत्या से उठा पर्दा
पुलिस ने मामले की जांच की तो पता लगा कि मुरथल में शादी समारोह से राकेश के साथ तीन अन्य युवक भी थे। इनमें शराब पीने के बाद कहासुनी हुई थी। बाद में चारों राकेश की ससुराल नाहरी जाने के लिए निकले थे। कार में केवल एक ही कंकाल मिला था। पुलिस को पता लगा कि डीजे पर डांस करने को लेकर राकेश का उसके दोस्तों से विवाद भी हुआ था। बाद में मामला शांत होने पर चारों राकेश की कार में बैठकर उसकी ससुराल के लिए चले थे। पुलिस ने उसकी कार में साथ गए युवकों से पूछताछ की, लेकिन वह घटनास्थल पर होने से इंकार करते रहे। इस पर पुलिस के साइबर टीम की मदद ली। साइबर टीम ने मोबाइल का डंप उठवाया। जिसमें चारों की मोबाइल लोकेशन रात में घटनास्थल की ही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने देवेंद्र व अंजीत को गिरफ्तार कर लिया। उनका एक साथी अब भी फरार है।
विज्ञापन

------------
कार की डंपर को लगी टक्कर तो राकेश ने मार दिया था थप्पड़
पुलिस ने आरोपी अंजीत व देवेंद्र को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सभी शराब के नशे में थे। जब वह मुरथल से निकले तो कार अंजीत चला रहा था। वारदात स्थल पर कार पहले से खड़े डंपर से टकरा गई। इस पर राकेश ने अंजीत को थप्पड़ मारकर कार के क्षतिग्रस्त होने पर नाराजगी जताई थी। इस पर अंजीत और उसके साथी गुस्सा हो गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने राकेश का सिर पकड़कर कार के डेस्क बोर्ड में मार दिया। इस पर राकेश के मुंह व नाक से खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गया। उसके हाथ-पैर भी ठंडे पड़ गए। इससे वह घबरा गए। उनको लगा कि अब राकेश मर जाएगा और वह हत्या के मामले में फसेंगे। इस पर तीनों ने कार से बाहर निकलकर राकेश को बाहर निकाल लिया। उन्होंने राकेश को चालक सीट पर बैठाकर कार में आग लगा दी और वहां से फरार हो गए। उन्होंने सोचा की कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से लोग समझेंगे कि कार किसी वाहन में टकरा गई और उससे आग लगने के कारण राकेश जिंदा जल गया।
-----------
अब तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश
पुलिस टीम अब मामले में तीसरे आरोपी की तलाश में जुट गई है। वह राकेश का करीबी था। राकेश मुरथल में देवेंद्र के परिवार में आयोजित शादी समारोह में गया था। पुलिस ने देवेंद्र से सबसे पहले राकेश के बारे में पूछताछ की थी, लेकिन वह उसके साथ शादी समारोह से जाने के नाम पर मुकर गया था।
कोट
कार के अंदर शव मिलने के बाद से ही पुलिस ने गहनता से जांच शुरू कर दी थी। मामले में शादी समारोह के दौरान कहासुनी होने व उसके बाद राकेश के साथ तीन अन्य के वहां से निकलने के इनपुट मिले तो पुलिस आरोपियों तक जा पहुंची। गिरफ्तार दो आरोपियों ने वारदात में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस उनके तीसरे साथी का पता लगा रही है।
विज्ञापन

- इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें