कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका सताने लगी है। वीरवार को लगातार दूसरे दिन संक्रमितों का आंकड़ा 100 से अधिक रहा। डीसी कोर्ट में तैनात महिला कर्मचारी समेत 130 लोग पॉजिटिव मिले हैं। अब जिला में सक्रिय केस बढ़कर 305 हो गए हैं। साथ ही 46 मरीज ठीक हुए हैं। जिला में अब तक 47 हजार 289 मरीज ठीक हो चुके हैं। लगातार बढ़ रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सैंपलिंग बढ़ाई गई है। वीरवार को 2008 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। 324 रैपिड एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट में 27 लोग संक्रमित मिले।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि डीसी कोर्ट में 34 वर्षीय महिला कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित मिली है। टीडीआई किंग्सबरी में दंपती, सेक्टर-14 में मां-बेटा के अलावा तीन अन्य लोग, एल्डिको काउंटी में दो, मुरथल विवि में तीन, बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज में एक, अशोका यूनिवर्सिटी में चार, कुंडली में तीन, गोपाल नगर में 15 वर्षीय किशोरी, उसका 20 वर्षीय भाई, गुमड़ में 9 वर्षीय बच्चे समेत 130 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
जिला में कोरोना संक्रमण लगातार फैल रहा है। उसके बावजूद बाजार से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर लगातार भीड़ जुट रही है। भीड़ में लोग मास्क व सामाजिक दूरी तक का पालन नहीं कर रहे हैं। जिला अस्पताल व अन्य स्थानों पर लगाए जा रहे टीकाकरण शिविर में लोग कोरोना के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। अगर भविष्य में यही हालात रहे तो कोरोना के केस और बढ़ने की आशंका है।
विभाग ने बढ़ाई जांच, 2008 लोगों के लिए सैंपल
जिला में वीरवार को 2008 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इसमें 1684 आरटी पीसीआर और 324 रैपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रैपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट वीरवार को ही प्राप्त हो गई थी। इसमें से 27 लोगों की रिपोर्ट संक्रमित पाई गई है। वहीं आरटी पीसीआर की पुरानी 1568 रिपोर्ट भी प्राप्त हुई। इसमें से 103 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस तरह संक्रमण दर 6.57 रही। इनमें 129 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। एक मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुखार, खासी, जुकाम है तो कोरोना की जांच कराएं
जिला में वीरवार को 46 मरीजों के ठीक होने के बाद सक्रिय केसों की संख्या 305 हो गई है। अब तक कोरोना के 47 हजार 849 मरीज मिल चुके हैं, जिनमें से 47 हजार 289 मरीज ठीक हो चुुके हैं और कोरोना के कारण 255 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार मिल रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खासी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर कोरोना की जांच जरूर कराएं।
कोरोना नियमों के साथ हुआ व्यक्ति के शव का अंतिम संस्कार
शहर के सेक्टर-12 का रहने वाला 51 वर्षीय व्यक्ति कई दिन से पीजीआई रोहतक में भर्ती था। वीरवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके शव को लेकर परिजन व स्वास्थ्य विभाग के कर्मी सेक्टर-15 के शिव मुक्तिधाम में पहुंचे। यहां कोरोना नियमों के तहत उसका अंतिम संस्कार किया गया।