हरियाणा के सोनीपत में राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय से साल 2016 में पढ़ाई पूरी चुकीं प्रकृति मलिक का ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में बतौर प्रशासकीय अधिकारी के पद पर चयन हुआ है। प्रकृति मलिक की इस उपलब्धि पर उपायुक्त ललित सिवाच ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश व जिले के लिए खुशी का पल है कि हमारी बेटी प्रकृति मलिक ने विदेशी धरती पर अपने मेहनत का लोहा मनवाते हुए ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में प्रशासकीय अधिकारी का पद हासिल किया है।
उपायुक्त ने कहा कि प्रकृति मलिक की इस उपलब्धि ने देश के साथ अपने माता-पिता व शिक्षकों का नाम रोशन किया है। प्रकृति देश की उन श्रेष्ठ भारतीयों की श्रेणी में शामिल हो गई हैं, जो प्रशासन के क्षेत्र में विदेश में स्वयं को स्थापित करते हैं। मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय (एमएनएसएस) के प्राचार्य एवं निदेशक कर्नल अशोक मोर ने प्रकृति मलिक को उनकी इस सफलता पर बधाई दी। उन्होंने बताया प्रकृति मलिक के पिता मनोज मलिक एवं दादा स्व. आरएमएस मलिक राई खेल स्कूल परिवार से जुड़कर अपनी चित्रकारी अध्यापन कला से बच्चों को सिंचित कर चुके हैं।
पढ़ाई के साथ निशानेबाजी में मनवा चुकीं लोहा
प्रकृति मलिक खेल स्कूल राई से वर्ष 2016 में विज्ञान कला संकाय से 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण हुई थी। प्रकृति ने संगीत कला संकाय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। प्रकृति मलिक पढ़ाई के साथ ही निशानेबाजी के खेल में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। प्रकृति राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन कर चुकी हैं।
जहां की पढ़ाई, वहीं बनीं अधिकारी
प्रकृति ने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी गृह विज्ञान ऑनर्स से स्नातक की पढ़ाई की। स्नातकोत्तर की पढ़ाई प्रोजेक्ट मैनेजमेंट विषय में ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय विश्वविद्यालय से पूर्ण की। खुशी की बात यही है कि प्रकृति ने जिस ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की, अब उसी में उनका चयन बतौर प्रशासकीय अधिकारी के रूप में हुआ है, जो अत्यंत गौरवशाली व ऐतिहासिक उपलब्धि है।