हरियाणा के सोनीपत में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार से केस तेजी से बढ़ रहे हैं। सोमवार को आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में हर तीसरा व्यक्ति संक्रमित मिला है। शहर के सेक्टर-35 स्थित जिंदल सोसायटी में सबसे ज्यादा 27 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सात माह बाद एक ही दिन में 300 से ज्यादा नए संक्रमित मिलने से सोमवार को संक्रमण दर 34.62 हो गई है।
कोरोना संक्रमण को लेकर दिन-प्रतिदिन हालात बिगड़ते जा रहे हैं। अक्तूबर से लेकर 26 दिसंबर तक कोरोना के इक्का-दुक्का मरीज मिल रहे थे। पांच जनवरी को कोरोना के नए संक्रमितों का आंकड़ा 100 के पार पहुंचा था। सोमवार को 322 संक्रमित मिलने के साथ कुल आंकड़ा 48 हजार 651 तक पहुंच गया है। इससे पहले 19 मई 2021 को जिले में 334 नए संक्रमित मिले थे। 134 मरीजों के ठीक होने के बाद सक्रिय केसों की संख्या 920 हो गई है। अब तक 47 हजार 476 मरीज ठीक हो चुुके हैं।
सोमवार को 2038 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इनमें 1527 आरटीपीसीआर और 511 रैपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रैपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट सोमवार को ही प्राप्त हो गई। इसमें से 17 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली और इनमें से पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इसकी संक्रमण दर 3.33 प्रतिशत रही। वहीं आरटीपीसीआर की पुरानी 881 रिपोर्ट भी प्राप्त हुई। इसमें से 305 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। आरटीपीसीआर की रिपोर्ट आने के बाद सभी लोगों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। आरटीपीसीआर की संक्रमण दर 34.62 प्रतिशत रही।
जिले में 134 मरीजों के ठीक होने के बाद सक्रिय केसों की संख्या 920 हो गई है। कोरोना के कारण अब तक 255 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार मिल रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खासी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर जांच जरूर कराएं।