जिले में प्रदूषण फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। वातावरण में स्मॉग छाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जिले में औसत एक्यूआई वीरवार को 318 पर रहा। साथ ही पीएम 10 का स्तर 419 और पीएम 2.5 का स्तर 382 दर्ज किया गया। प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंचने के चलते चिकित्सक एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं।
एनजीटी व प्रशासन की सख्ती से दो दिन राहत के बाद वीरवार को फिर से प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। वातावरण में सुबह-शाम के साथ ही रात को स्मॉग छाने लगा है। वीरवार को भी सुबह स्मॉग का असर दिखाई दिया। वातावरण में स्मॉग छाने से सांस लेने में दिक्कत व आंखों में जलन हो रही है। साथ ही गले में खराश के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। इसके साथ ही जिन लोगों को पहले से सांस की बीमारी है, उनके लिए यह स्मॉग काफी खतरनाक है।
मास्क व चश्मा लगाकर बाहर निकलें
सामान्य अस्पताल के फिजिशियन डॉ. योगेश गोयल ने कई हिदायतें दी हैं। उन्होंने कहा कि मौसम में ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए। इससे शरीर के अंदर गए कण ठंडे पानी से जम जाते हैं। घर से बाहर बिना किसी कारण के नहीं निकलना चाहिए और घर से निकलना है तो मास्क व चश्मा लगाकर निकलना चाहिए। आंखों को दिन में कई बार पानी से धोते रहना चाहिए, जिससे परेशानी होने का खतरा कम रहता है।
इस तरह होता है औसत एक्यूआई
0-50 अच्छा
51-100 औसत
101-200 मॉडरेट
201-300 खराब
301-400 ज्यादा खराब
400 से ज्यादा बेहद खतरनाक
वायु गुणवत्ता सूचकांक (औसत) - 318
पीएम 10 - 419
पीएम 2.5 - 382
कार्बन डाई ऑक्साइड -76
वर्जन
प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ गया है। तेज धूप निकलने और बारिश होने के बाद ही प्रदूषण का स्तर कम हो सकेगा। प्रदूषण से बचने के लिए एहतियात बरतना जरूरी है।
- डॉ. प्रेमदीप सिंह, मौसम विज्ञानी, कृषि विज्ञान केंद्र, सोनीपत