शहर के लायंस भवन में शनिवार को हरियाणा प्रदेश वैश्य महासम्मेलन के जिलाध्यक्षों की बैठक हुई। जिसमें प्रस्ताव पारित किया गया कि व्यापारी विशेषकर आढ़ती को कृषि कानूनों की आड़ लेकर बार-बार बिचौलिया कह कर आहत किया जा रहा है, इसलिए भविष्य में जो भी संगठन या राजनेता बिचौलिया शब्द का प्रयोग करेगा। वैश्य समाज उसका हर तरह से विरोध करेगा।
बैठक में सभी ने एक स्वर में कहा कि कमीशन एजेंट व बिचौलिया की परिभाषा में दिन-रात का अंतर है और बिचौलिया शब्द आत्म सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। प्रस्ताव में सम्मेलन की तरफ से सभी पार्टियों के अध्यक्षों, प्रधानमंत्री व सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विरोध दर्ज करवाने का निर्णय भी लिया। महासम्मेलन के प्रदेशाध्यक्ष राजीव जैन ने सभी जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि 10 नवंबर तक सभी जिलों की कार्यकारिणी का गठन करना है व प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा जल्द कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक व राजनीतिक मान सम्मान के लिए वैश्य समाज की सशक्त आवाज हमें बनने का प्रयास करना है।
बैठक में गरीब वैश्य परिवारों के बच्चों की पढ़ाई व शादी के लिए बिना दिखावे की मदद करने का सुझाव भी दिया गया। इसके लिए विवाह योग्य युवक-युवतियों का डाटा तैयार करके रोजगार का प्रबंध करने, समाज के किसी व्यक्ति पर विपदा आने की दशा में सक्रिय सदस्यों का मददगार ग्रुप तैयार करना, पति पत्नी के विवादों को सुलझाने के लिए काउंसिलिंग सेंटर बनाना, अग्रोहा धाम से लोगों को जोड़ने का अभियान चलाने, दीपावली पर मां लक्ष्मी के साथ भगवान अग्रसेन की पूजा करने व समाज के बच्चों को अधिकारी बनाने के लिए कोचिंग सेंटर स्थापित करने के निर्णय लिए गए। बैठक को महामंत्री दुर्गादत्त गोयल, अशोक मित्तल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तरसेम मितल, अक्षय अग्रवाल मस्तफाबाद ने संबोधित किया।
इस दौरान विकास सिंगला अंबाला, अरुण अग्रवाल यमुनानगर, मित्र सेन गुप्ता कुरुक्षेत्र, सुशील गर्ग करनाल, सुरेंद्र गर्ग व राजेश जैन पानीपत, बृजलाल गोयल व रिपुदमन गुप्ता रेवाड़ी, नवीन मित्तल महेंद्रगढ़, प्रदीप बंसल सोनीपत, शमशेर प्रकाश गोयल रोहतक, अशोक बंसल व मक्खन लाल गोयल सिरसा, डॉ. मनदीप गोयल गुरुग्राम, गुलशन गोयल पलवल, महेश गुप्ता व धर्मबीर गुप्ता मेवात, अमन गोयल व सूर्यप्रकाश फरीदाबाद, संजय डालमिया व बीरेंद्र गोयल हिसार उपस्थित रहे।