सदर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने एक नामजद समेत अन्य पर मारपीट व चाकू से हमला कर उसकी सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। युवक का आरोप है कि उसकी परिचित युवती ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दी थी, जिसमें वह गवाह था। आरोपी ने उसे गवाही नहीं देने का दबाव बनाया था। युवक का आरोप है कि मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उसने डीजीपी को पत्र लिखा था। जिस पर अब सिटी थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सदर थाना क्षेत्र के गांव निवासी दिनेश ने डीजीपी को लिखे पत्र में बताया कि दीपक नाम के युवक ने उसकी परिचित युवती के साथ दुष्कर्म किया था। जिस मामले को लेकर युवती ने एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी। उस शिकायत में युवती ने उसे गवाह बनाया था। इस पर आरोपी दीपक ने उस पर युवती के खिलाफ ही गवाही देने का दबाव बनाया था। जिस पर उसने मना कर दिया था। दिनेश का आरोप है कि इससे दीपक उसके साथ रंजिश रखने लगा। उसने बताया कि 16 सितंबर, 2020 को वह महलाना चौक की तरफ जा रहा था। उस दौरान दीपक व उसके साथियों ने उसकी बाइक को रुकवा लिया था। उन्होंने उसे गवाह बनने को लेकर धमकी देते हुए दीपक ने उसके कंधे पर चाकू से वार कर दिया था। उसके साथियों ने भी उसे पीटा था। बाद में उन्होंने उसके गले से सोने की चेन छीन ली थी। इसी दौरान वहां पर पहुंचे उसके परिचित आशु व रामबीर ने उसे छुड़वाया था। बाद में आरोपी धमकी देकर भाग गए थे। उसे सामान्य अस्पताल में उपचार दिलवाया गया था। उसने मामले को लेकर सिटी थाना व 30 सितंबर को एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। जिस पर उसने डीजीपी को पत्र लिखा। अब डीजीपी के आदेश पर सिटी थाना में चाकू से हमला करने, मारपीट, लूटपाट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले को लेकर शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। -इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी, सिटी सोनीपत।