गांव बिंदरौली में मंदिर के पास नवजात का शव मिला है। शिशु के शव को कुत्तों ने नोच लिया, जिससे उसके लड़का या लड़की का होने की भी पहचान नहीं हो रही है। पुलिस ने ग्रामीण के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बिंदरौली के योगेश ने पुलिस को बताया कि वह वीरवार को मंदिर के पास कुत्तों को रोटी डालने गया था। वहां पर मंदिर के साथ लगे कुएं के पास नवजात का शव पड़ा हुआ दिखा। नवजात का आधा शरीर कुत्तों ने नोच रखा था। शिशु के शव पर धड़ व पेट का कुछ हिस्सा ही बाकी था। पेट के नीचे का हिस्सा व हाथ नहीं थे। इन अंगों को कुत्तों ने नोच लिया था। उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। नवजात का शव मिलने की खबर पर वहां भीड़ एकत्र हो गई और कुत्तों को भगा दिया। उसके बाद कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चिकित्सक का कहना है कि शिशु का जन्म एक या दो दिन पहले ही हुआ है।
वर्जन
शिशु के शव की पहचान के लिए प्रयास शुरू कर दिया है। उसका डीएनए सैंपल सुरक्षित रखा जाएगा। संबंधित क्षेत्र में रहने वाले लोगों और आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से भी शिशु को फेंकने वालों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
- इंस्पेक्टर रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली