सोनीपत। एनसीसी उत्सव में हिंदू कन्या महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन शील्ड व 40 पदक जीते। यह उत्सव 21 से 23 अप्रैल तक जीवीएम कन्या महाविद्यालय में आयोजित किया गया। जिसमें हिंदू कन्या महाविद्यालय से छात्राओं ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
हिंदू कन्या महाविद्यालय की एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट नीतू नसीयर दूहन ने बताया कि रितिका, निक्की व कोमल की टीम ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। तानिया वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम रहीं। अनुजा फ्रंट रोल में प्रथम व कोमल ने बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर कुल 4 प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय को प्रथम स्थान प्राप्त कराया। इसी प्रकार 4 प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय की छात्राओं को द्वितीय स्थान मिला। रितिका सर्वश्रेष्ठ कैडेट प्रतियोगिता में द्वितीय रही। भाषण प्रतियोगिता में प्रिया कौशिक ने रजत जीता। समूह नृत्य में रनर अप शील्ड जीती। भांगड़ा में टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 40 पदक व 3 शील्ड के साथ महाविद्यालय पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स का स्वागत किया गया। प्राचार्य डॉ. नीता मित्तल, उप प्राचार्य डॉ. सुशीला बेनीवाल ने विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने इस जीत को जीवन में कामयाबी पाने की तैयारी के लिए एक जरूरी अध्याय बताया।