सोनीपत। बिजली निगम मुख्यालय ने बिल के साथ अग्रिम उपभोग (सिक्योरिटी राशि) जमा कराने का निर्णय लिया है। ऐसे में अधिकारियों ने सिक्योरिटी राशि जोड़कर बिल भेजने शुरू कर दिए हैं। ज्यादा राशि के बिजली बिल मिलने के विरोध में ग्रामीण लामबंद हो गए। बुधवार को ग्रामीणों ने सर्कल कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि बिजली निगम की ओर से ज्यादा राशि के बिल भेजकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता संदीप जैन से बिना सिक्योरिटी राशि के बिल भरवाने की मांग रखी। साथ ही चेतावनी दी कि निगम की ओर से बिल के साथ सिक्योरिटी राशि जमा कराने का दबाव दिया गया तो वह बिलों को नहीं भरेंगे। इसके बाद ग्रामीणों ने लघु सचिवालय पर पहुंचकर नगराधीश को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
पूर्व जिला पार्षद संजय बड़वासनियां ने कहा कि गांव बड़वासनी, भदाना, चिटाना व माहरा में दो दिन पहले ही बिजली बिल वितरित हुए। इस दौरान ज्यादा राशि के बिल मिलने पर लोगों की परेशानी बढ़ गई। बिजली निगम की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में सिक्योरिटी राशि जोड़कर बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। यह ग्रामीणों के औसतन बिल से चार गुना है। उनका कहना है कि ग्रामीणों को ज्यादा राशि के बिल भेजकर परेशान किया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता संदीप जैन से मुलाकात करते कहा कि मुख्यालय की ओर से बिजली बिल के साथ सिक्योरिटी राशि वसूलने के फैसले को वापस लिया जाए। ग्रामीण बिजली बिलों के साथ सिक्योरिटी राशि नहीं भरेंगे। साथ ही चेतावनी दी कि बिजली बिल के साथ सिक्योरिटी राशि जमा कराने का दबाव दिया गया तो वह बिजली बिल ही नहीं भरेंगे। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि वह दो माह का बिजली बिल ही जमा कराए। इस पर अधीक्षण अभियंता ने कहा कि वह मौजूदा बिजली बिल का भुगतान करें। उच्च अधिकारियों से बात करके भेजे गए अतिरिक्त राशि के बिल को लेकर समाधान निकाला जाएगा। इस दौरान हरियाणा किसान सभा के उपाध्यक्ष श्रद्धानंद सोलंकी, सामाजिक न्याय मोर्चा के अध्यक्ष नरेश कश्यप, रामकरण, सुरेश, राजबीर, राजा, राजेंद्र, जगदीश शर्मा, सतीश, रणधीर, जयकुमार, कृष्ण, राजेंद्र, महेंद्र, महावीर आदि मौजूद रहे।
वर्जन
मुख्यालय ने बिजली उपभोक्ताओं से बिल के साथ अग्रिम उपभोग (सिक्योरिटी राशि) जमा कराने का निर्णय लिया है। ऐसे में अगर कोई बिजली बिल जमा नहीं कराएगा तो सिक्योरिटी राशि से बिल की वसूली कर ली जाएगी। बुधवार को कार्यालय में आकर ग्रामीणों ने बिलों को लेकर अपनी समस्याएं बताई हैं। उनकी मांग को मुख्यालय भेज दिया जाएगा।- संदीप जैन, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम