सोनीपत के खरखौदा स्थित एसडीएम कार्यालय में दी गई शिकायत की प्रति दिखाती महिलाएं। संवाद
खरखौदा। रोहतक रोड स्थित आंबेडकर पार्क के साथ बने आंबेडकर सदन में शरारती तत्व जाम छलका रहे हैं, जिससे पार्क में आने वाली महिलाओं को परेशानी हो रही है। शरारती तत्व पार्क के गेट के बाहर भी अपनी बाइक स्कूटी लेकर सुबह शाम एकत्रित हो जाते हैं। स्थानीय महिलाओं ने एकत्रित होकर एसडीएम कार्यालय में इसकी शिकायत करते हुए समाधान की मांग की है।
रोहतक मार्ग निवासी सावित्री, ममता, मीनाक्षी, बबीता, धनवंती, पूनम, सरोज, उर्मिला कुमारी, ओमपति, सुशीला, बसंती, संतोष, पिंकी, सोनू, स्वीटी, सुषमा व कमला का कहना है कि रोहतक मार्ग पर आंबेडकर स्मारक स्थल पर आंबेडकर सदन व आंबेडकर पार्क बना हुआ है। सुबह-शाम काफी संख्या में स्थानीय महिलाएं पार्क में घूमने के लिए पहुंचती हैं। कुछ दिन से यहां पर शरारती तत्वों ने अपना ठिकाना बना लिया है। वह पार्क वाले रास्ते पर रखे बेंचों पर चढ़कर आंबेडकर सदन में कूद जाते हैं और शराब पीकर गाली-गलौज भी करते हैं। इससे बहन-बेटियों को परेशानी होती है। उनका कहना है कि कई दिन पहले नपा ने नालों की सफाई की थी, जिसमें नालों के स्लैब टूट गए थे, टूटे स्लैब यहां आवाजाही करने वालों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं, ऐसे में यहां पर स्लैब रखवाए जाएं।