सोनीपत। नागरिक अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए बेशक दवा की खेप पहुंच गई, लेकिन खून जांच के लिए मरीजों को अभी भी भटकना पड़ रहा है। प्रयोगशाला में मशीनों के जांच उपकरण (किट) खत्म होने के कारण 150 से ज्यादा मरीजों को रोजाना खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लोगों को निजी प्रयोगशाला में जांच कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रयोगशाला में पूर्ण रक्त गणना (सीबीसी) जांच 25 दिन से नहीं हो रही है। वहीं हीमोग्लोबिन, सीरोलॉजिकल जांच (वीडीआरएल), किडनी फंक्शन टेस्ट (केएफटी) व हेपेटाइटिस सी वायरस (एचसीवी) जांच 10 दिन से नहीं हो रही है। बुजुर्गों को अपनी आंखों का ऑपरेशन कराने से पहले खून की जांच करानी होती है, लेकिन प्रयोगशाला में उपकरण खत्म होने के कारण जांच प्रभावित हो रही है। यहीं नहीं अन्य मरीजों को भी परेशानी हो रही है। लोग ठंड में इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल में पहुंच रहे हैं, लेकिन खून की जांच न होने के कारण उन्हें पूरा इलाज मुहैया नहीं हो रहा है। मरीजों का कहना है कि सरकार ने अस्पताल में मरीजाें के लिए मुफ्त जांच की सुविधा दे रखी है, लेकिन अस्पताल में उपकरण खत्म होने के कारण मरीजों को निजी प्रयोगशाला में रुपये देकर खून जांच कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
अस्पताल में रोहतक वेयरहाउस से विभिन्न तरह की दवा की खेप पहुंची है। इनमें आंखों के मरीजों के लिए मॉक्सीफ्लोक्सासिन, बुखार व बदन दर्द के लिए डाईक्लोपेरा, खांसी के लिए कफ सिरप समेत अन्य बीमारियों के लिए दवाएं पहुंची है। साथ ही ऑपरेशन थियेटर के लिए लैंस व अन्य सामान भी खरीदा गया, ताकि ऑपरेशन के दौरान किसी भी सामान की कमी न पड़े। जिससे मरीजों को ऑपरेशन सफल हो सके।
कोट
अस्पताल में खून की पूरी जांच नहीं हो रही है। मैं अपनी पत्नी के खून की जांच कराने के लिए आया था, लेकिन उपकरण खत्म होने की बात कहते हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने खून के नमूने लेने से मना कर दिया।
-सतपाल, सोनीपत
मुझे कई दिन से बुखार आ रहा है। चिकित्सक ने मुझे खून जांच कराने के लिए कहा। इसके बाद प्रयोगशाला में पहुंची तो वहां कर्मियों ने दोपहर 12 बजे के बाद खून के नमूने लेने से मना कर दिया।
-सुदेश, सोनीपत
नेत्र ऑपरेशन के लिए अस्पताल आई थी। चिकित्सक ने पहले खून की जांच कराने के लिए कहा। प्रयोगशाला में स्वास्थ्यकर्मी ने उपकरण खत्म होने की बात कहकर खून के नमूने नहीं लिए।
बीरमती
वर्जन
अस्पताल के प्रयोगशाला में खून जांच के लिए उपकरण खत्म है। मुख्यालय में उपकरण की मांग कर रखी है। उपकरण मिलते ही जांच शुरू करा दी जाएगी। साथ ही मरीजों की सुविधा के लिए दवा की खेप आ गई है। इनका वितरण शुरू कर दिया गया है।
-डॉ. लोकवीर, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल