सोनीपत। मेयर निखिल मदान ने वार्ड नंबर 1 में नगर निगम की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पुरखास अड्डे से सब्जी मंडी चौक तक आरएमसी से बनाए जा रहे जटवाड़ा रोड का निरीक्षण किया और निगम अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
मेयर निखिल मदान ने बताया कि सब्जी मंडी चौक से जैन विद्या मंदिर स्कूल तक सड़क का हिस्सा बना दिया गया है। सुंदर सांवरी से लेकर गोशाला तक सड़क बनाने के लिए एजेंसी ने काम शुरू कर दिया है। मेयर निखिल मदान ने एजेंसी प्रतिनिधि को पूरा कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने के आदेश दिए। मेयर निखिल मदान ने बताया कि सड़क के बाकी बचे हिस्से में सीवर लाइन बिछाने का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इस सड़क पर लाल दरवाजा से लेकर जाहरी मोड़ तक नई सीवर लाइन बिछाई गई है। वर्षों पुरानी सीवर लाइन के जर्जर होने के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मेयर निखिल मदान ने बताया कि आरएमसी सड़क बनाने से पहले पेयजल लाइन को भी दबाया जा रहा है, जिससे भविष्य में क्षेत्रवासियों को कोई समस्या न आए। इन कार्यों के चलते सड़क निर्माण में कुछ विलंब हुआ है, लेकिन अब तीव्र गति से सड़क निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। मेयर निखिल मदान ने बताया कि आईटीआई चौक से बंदेपुर तक बनने वाली सड़क का काम भी शुरू हो चुका है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान निगम पार्षद हरिप्रकाश सैनी, कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग, सहायक अभियंता देवेंद्र खासा, कनिष्ठ अभियंता सचिन कुमार, विकास कुमार, सूर्या धनखड़, सोनू कुमार, दीपक कुमार, उमाशंकर गौतम, डॉ. पिंटू, रणधीर सिंह मौजूद रहे।