फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नवरात्र पर गुलजार हुए बाजार, सजे मंदिर, पर्व की तैयारियों में जुटे रहे भक्त

विज्ञापन
नवरात्र के उपलक्ष्य में दुकान पर खरीदारी करततीं महिलाएं। संवाद - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना का उत्सव शारदीय नवरात्र वीरवार से प्रारंभ हो रहा है। पहले दिन भक्त शुभ मुहूर्त में घट स्थापना कर मां शैलपुत्री का पूजन करेंगे। नवरात्र को लेकर भक्तों में उल्लास बना हुआ है। प्रतिपदा तिथि पर घर-घर मां का आगमन होता है, जबकि अष्टमी और नवमी तिथि पर कन्याओं का पूजन कर मां की विदाई की जाती है। घट स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 17 मिनट से 10 बजकर 11 मिनट तक रहेगा। वहीं अभिजीत मुहूर्त 11 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 32 मिनट तक रहेगा।
विज्ञापन

मॉडल टाउन स्थित श्री नव दुर्गा मंदिर के पुजारी पंडित रामकृष्ण पाठक ने बताया कि नवरात्र पर हर दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। देवी भागवत के अनुसार मां भगवती ही ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश के रूप में सृष्टि का सृजन, पालन और संहार करती हैं। भगवान शंकर के कहने पर रक्तबीज, शुंभ-निशुंभ, मधु-कैटभ आदि दानवों का संहार करने के लिए मां पार्वती ने असंख्य रूप धारण किए, लेकिन नवरात्र के नौ दिनों में देवी दुर्गा के मुख्य नौ रूपों की पूजा-अर्चना की जाती है।
ऐसे करें घट स्थापना
पंडित रामकृष्ण पाठक ने बताया कि घट स्थापना करने के लिए मिट्टी के बर्तन में सात प्रकार के अनाज रखें। फिर कलश में पानी भरकर उसे मिट्टी के पात्र के ऊपर रख दें। अब कलश के ऊपर पत्ते रखें और लाल वस्त्र में नारियल बांधकर रखें। अब भगवान गणेश व कलश की पूजा कर देवी का आह्वान करें।
विज्ञापन

मंदिर समितियों ने संभाली व्यवस्था
शहर के काली माता मंदिर, बाबा धाम मंदिर, माडल टाउन के नव दुर्गा मंदिर, कच्चे क्वार्टर स्थित दुर्गा मंदिर, बड़ा बाजार स्थित माता चिटाना वाली मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों की समिति ने व्यवस्था संभाली। मंदिरों में लाइन लगाने के लिए पाइप व बांस बांधकर जगह चिह्नित करने का काम अंतिम चरण में चला।
बाजार में उमड़ी भीड़
बुधवार को बाजार में अलग ही रौनक देखने को मिली। दुकानों पर उमड़ी भक्तों की भीड़ पूजन सामग्री खरीदने में व्यस्त रही। हर दुकान पर दुकानदारों ने पूजन सामग्री रखी हुई है। मां नव दुर्गा की प्रतिमाएं भी दुकानों पर सजी हुईं दिखाई दे रही हैं। मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें