सोनीपत के गांव सिटावाली में शराब पीकर घर आए युवक ने अपने बड़े भाई के साथ झगड़ा किया। इसी बीच छोटे भाई ने बड़े के सीने में चाकू से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार दोपहर को उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना के बाद मोहाना थाना प्रभारी व उनकी टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
गांव सिटावली निवासी लोकेश (40) गुरुवार रात को अपने घर पर था। रात को उसका छोटा भाई नवीन शराब के नशे में घर गया था। लोकेश ने उसके शराब पीकर आने पर विरोध जताया तो दोनों भाइयों में झगड़ा हो गया। इस पर छोटे भाई ने लोकेश के सीने में चाकू से वार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। आरोपी मौके से भाग गया। परिजनों ने लोकेश को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर शुक्रवार दोपहर को उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर मोहाना थाना प्रभारी दिलबाग सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।