सोनीपत। लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान उत्तर प्रदेश व दिल्ली की सीमाओं से अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। मंगलवार को राई स्थित एथनिक इंडिया में दिल्ली के अलावा हरियाणा के सोनीपत, झज्जर व बहादुरगढ़ और उत्तर प्रदेश के बागपत के उपायुक्तों व पुलिस प्रमुखों की बैठक बुलाई गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन व उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने की। जिसमें सीमाओं से अवैध हथियारों व शराब, नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की गई। इसके साथ ही सीमावर्ती जिलों का एक संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित करने पर सहमति बनी। सीमाओं पर संबंधित जिलों की पुलिस मिलकर गश्त करेगी।
पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन ने कहा कि सोनीपत की सीमाएं दिल्ली व उत्तर प्रदेश के साथ लगती हैं। लोकसभा चुनाव घोषित हो चुके हैं, जिसके छठे चरण में 25 मई को हरियाणा के चुनाव हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के बागपत में शुरुआती चरण में ही चुनाव होंगे। दोनों जगहों के अधिकारियों व पुलिस को एक दूसरे के सहयोग के लिए पूरा समय मिलेगा। सोनीपत के बागपत से 50 पोलिंग स्टेशन और दिल्ली से 40 पोलिंग स्टेशन सटे हुए हैं। ऐसे में इन पोलिंग स्टेशनों पर ज्यादा निगरानी रखे जाने की जरूरत है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, डीसीपी मनबीर सिंह, एडिशनल डीसीपी रोहिणी दिल्ली रामकुंज कुमार, एडिशनल डीसीपी आउटर नॉर्थ दिल्ली राजीव कुमार अंबस्ता, डीसीपी नरेंद्र कादयान, डीसीपी गौरव राजपुरोहित, ओएसडी टू आरओ नॉर्थ वेस्ट योगेश पाल सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ. निर्मल नागर, श्वेता सुहाग, पूजा, अमित कुमार, हरिओम अत्री, डीईटीसी नरेंद्र कौशिक, एसीपी अरुण चौधरी, जीत सिंह, नर सिंह, गोरखपाल राणा मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश व दिल्ली की सीमाओं पर की नाकाबंदी
पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन ने कहा कि सोनीपत की सीमाएं दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश के साथ लगती हैं। उत्तर प्रदेश की सीमा के साथ अंतरराज्यीय नाके लगाए गए हैं। इनमें खुर्मपुर, केजीपी जाखौली, जगदीशपुर, गढ़ मिर्कपुर चौकी के सामने व मीमारपुर चौकी के सामने और बेगा घाट शामिल हैं। दिल्ली के साथ लगते नाकों में सोहटी, कुंडल गढ़ी, झिंझौली, डबल नहर पुल नाहरी-हलालपुर रोड, कतलूपुर, नाहरी, सफियाबाद, शिवपुरी, सबौली, कुंडली बॉर्डर और टी-प्वाइंट जाटी कलां नाका शामिल हैं।
अपराधियों की सूची साझा की
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सोनीपत की जानकारी दी। साथ ही मोस्ट वांटेड, बेल जंपर व पैरोल पर चल रहे अपराधियों की सूची साझा की। उपायुक्त के कहने पर उत्तर प्रदेश व नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली की डीएम ने भी अपराधियों की जानकारी साझा की। बॉर्डर पर विशेष रूप से चेकिंग को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने डीईटीसी को निर्देश दिए कि शराब की बिक्री पर पैनी निगाह रखें। झज्जर के उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह, बागपत के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह व नॉर्थ वेस्ट दिल्ली की डीएम अंकिता आनंद ने भरोसा दिया कि वह इन प्रयासों को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न करवाना हमारी जिम्मेदारी
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न करवाना सबकी जिम्मेदारी है। सोनीपत, झज्जर व बागपत के लोगों की आपस में रिश्तेदारी हैं और बड़ी संख्या में लोगों का इधर से उधर आना जाना रहता है। दोनों जगहों से सभी सूचनाएं बेहतर ढंग से मिलें व संयुक्त रूप से कार्रवाई हो तो अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है।