कांग्रेस में शामिल करते राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत जिले में जजपा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पदम दहिया व भाजपा महिला जिलाध्यक्ष प्रोमिला मलिक के अलावा भाजपा नेता सुरेश त्यागी कांग्रेस में शामिल हो गए। तीनों नेताओं ने नई दिल्ली में राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा से मिलकर कांग्रेस में अपनी आस्था जताई। इससे भाजपा व जजपा को सोनीपत में करारा झटका लगा है।
जजपा के जिलाध्यक्ष पदम दहिया ने एक दिन पहले ही जजपा संस्थापक डॉ. अजय चौटाला का जन्मदिन मनाया था। मंगलवार को नई दिल्ली में जाकर उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। पदम सिंह दहिया, प्रोमिला मलिक व भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश त्यागी ने अपनी-अपनी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से पहले इस्तीफा दिया फिर कांग्रेस में शामिल हुए।
जजपा का जिलाध्यक्ष बनने से पहले पदम सिंह दहिया इनेलो के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। पदम सिंह दहिया वर्ष 2000 में परिसीमन से पहले सोनीपत के रोहट हलके से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने इनेलो के टिकट पर वर्ष 2014 में सोनीपत लोकसभा का चुनाव लड़ा। वर्ष 2019 में वह इनेलो छोड़कर जजपा में शामिल हो गए थे।
भाजपा महिला जिला अध्यक्ष प्रोमिला मलिक इससे पहले इनेलो की भी महिला जिला अध्यक्ष रह चुकी हैं। प्रोमिला मलिक वर्ष 2019 में इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। वर्ष 2011 से 2014 तक इनेलो की प्रदेश महासचिव रहीं। वर्ष 2014 से 2019 तक इनेलो की महिला जिला प्रधान रहीं। वर्ष 2018 से 2019 तक इनेलो की प्रदेश प्रवक्ता रहीं। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश त्यागी गन्नौर में सक्रिय हैं।
त्यागी समाज के प्रदेशाध्यक्ष हैं। भाजपा में आने के बाद से लगातार उपेक्षा होना इस्तीफा देेने का कारण बताया। वे पहले इनेलो के गन्नौर हलका अध्यक्ष रह चुके हैं। करीब 4 साल पहले वे भाजपा में शामिल हुए थे। इस दौरान खरखौदा से विधायक जयवीर सिंह, सोनीपत से विधायक सुरेंद्र पंवार व वरिष्ठ नेता सुरेंद्र छिक्कारा मौजूद रहे।