'विधायक बना तो घर 24 घंटे जनता के लिए खुला रहेगा'
कादियान ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए बूथ का मजबूत होना जरूरी है। जिस तरह बॉर्डर पर सैनिक लड़ाई लड़ता है, ठीक उसी तरह हमें बूथ मजबूत रखना होगा, तभी आपकी जीत निश्चित होगी। नेता कहते हुए घूम रहे हैं कि किसान एक जगह वोट नहीं डालता, बेटा कहीं वोट देगा और पिता कहीं और वोट देगा। इन्हें दिखाना होगा कि हम एक ही जगह वोट डालते हैं। तभी मेड इन किसान, मेड इन ढाबे वाले का बेटा विधायक और मंत्री बन सकता है। विधायक बनने पर मेरा नहीं, बल्कि 36 बिरादरी का चंडीगढ़ में बड़ा ठिकाना होगा, जिसके दरवाजे नहीं होंगे और यह 24 घंटे हलके की जनता के लिए खुला रहेगा।
कादियान ने लोगों से अपील की कि 5 तारीख को ईवीएम में नौवें नंबर पर गैस सिलेंडर के निशान के सामने का बटन दबाकर गन्नौर की जीत को ऐतिहासिक बनाएं। उन्होंने कहा कि हम गन्नौर के लिए कई योजनाएं लेकर आए हैं, जो क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने में सहायक होंगी। वहीं, ग्रामीणों ने कहा कि देवेंद्र कादियान इस युग के अर्जुन हैं। उन्हें अपना समर्थन दें और उनके हाथों को मजबूत करें।