लघु सचिवालय में एचटेट को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते डीसी ललित सिवाच। संवाद
- फोटो : Sonipat
जिले में 18 व 19 दिसंबर को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी और सभी केंद्र पर मेटल डिटेक्टर व जैमर की व्यवस्था रहेगी। उपायुक्त ललित सिवाच ने कहा कि एचटेट पारदर्शिता के साथ करवाया जाएगा। इसके लिए सभी अधिकारी व कर्मचारी ईमानदारी, निष्ठा व कर्मठता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। एचटेट कराने के उद्देश्य से बुधवार को लघु सचिवालय में डीसी ललित सिवाच ने अधिकारियों संग बैठक की और उचित निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि एचटेट के चलते काफी संख्या में परीक्षार्थी एक ही समय में पहुंचेंगे, ऐसे में किसी भी सड़क पर जाम की स्थिति नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पुलिस विभाग पुख्ता प्रबंध करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों में मेटल डिटेक्टर, जैमर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाए। परीक्षा को लेकर कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। संबंधित अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर जरूरी सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाए।
डीसी ने कहा कि परीक्षा के दौरान कोरोना संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। केंद्रों में किसी भी प्रकार का बाहरी हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। इसके लिए केंद्र अधीक्षक की जिम्मेदारी होगी। कहीं भी पेपर लीक जैसी घटना नहीं होनी चाहिए। परीक्षार्थी पूर्ण ईमानदारी से परीक्षा दें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा, एसडीएम शशि वसुंधरा, आशीष कुमार, नगराधीश डॉ. अनमोल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रोमिला भारद्वाज, उपजिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।