कोरोना महामारी का प्रभाव कम होने पर भले ही छठी से 12वीं कक्षा तक के स्कूल खुल चुके हैं। इसके बावजूद शिक्षा विभाग स्कूली बच्चों को कोरोना से बचाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। यही कारण है कि विद्यार्थियों को कोरोना से बचाव के लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद जिले के 712 राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बजट का 25 प्रतिशत हिस्सा जारी करने जा रहा है। प्रत्येक स्कूल को वर्ष 2019-20 के नामांकन के आधार पर ग्रांट मिलेगी। अभी स्कूलों को कोरोना बचाव को लेकर कुल ग्रांट में से 25 प्रतिशत राशि ही मिलने जा रही है। शेष 75 प्रतिशत ग्रांट परियोजना अनुमोदन बोर्ड के आदेश के बाद जारी की जाएगी।
समग्र शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल ग्रांट की राशि एसएमसी के बैंक खातों में जारी की गई है। विभाग द्वारा दी गई राशि का प्रयोग 31 मार्च 2022 तक किया जा सकेगा। हर तरह के कार्य व खरीदारी स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा ही की जाएगी। ग्रांट के उपयोग से हुए सभी कार्यों के लिए प्रबंधन समिति जिम्मेदारी होगी। इसके लिए एसएमसी समिति का मुखिया यह सुनिश्चित करेगा कि वाटर सैनिटाइज कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए स्कूल में शौचालय, हाथ धोने की व्यवस्था व स्वच्छ पीने के पानी की सुविधा है या नहीं। यदि स्कूल में थर्मल स्कैनर उपलब्ध नहीं है, तो मापक यंत्र 150 बच्चों की संख्या पर एक के अनुपात में, हैंड सैनिटाइजर, हाथ धोने के लिए साबुन और सफाई के लिए सामान खरीदा जाएगा।
स्कूल परिसर को रोजाना करना होगा सैनिटाइज
स्कूलों को कोरोना से बचाने के लिए स्कूल परिसर की नियमित रूप से साफ-सफाई करनी होगी। इसके लिए सभी कमरों को सैनिटाइज किया जाएगा। सभी कमरों में ताजी हवा जा रही है या नहीं, यह सुनिश्चित करना होगा। राजकीय स्कूल में विद्यार्थियों के आने से पहले कमरों को सैनिटाइज करने का काम पूरा करना होगा। विद्यार्थियों व अध्यापकों के स्कूल में प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग द्वारा तापमान की जांच करनी होगी।
विभाग की ओर से इस प्रकार जारी होगा बजट
-पहली से आठवीं कक्षा के स्कूलों को 51 लाख 15 हजार रुपये
-छठी से बारहवीं के स्कूलों को 27 लाख 56 हजार रुपये
-समग्र शिक्षा विभाग स्कूलों की एसएमसी समिति के बैंक खातों में डालेगा पैसा
स्कूलों को विद्यार्थी संख्या के हिसाब से मिलेगा बजट
छात्र संख्या स्कूल की कुल ग्रांट कोरोना में 25 प्रतिशत
1 से 30 10 हजार रुपये 2500
31 से 100 25 हजार रुपये 6250
101 से 250 50 हजार रुपये 12500
251 से 1000 75 हजार रुपये 18750
1000 से अधिक एक लाख रुपये 25000
वर्जन
छठी से 12वीं कक्षा तक के स्कूल खुल गए हैं। ऐसे में कोरोना से बचाव को लेकर शिक्षा विभाग गंभीर है। कोरोना से बचाव को लेकर विभाग द्वारा स्कूलों में विद्यार्थी संख्या के अनुसार कुल ग्रांट का 25 प्रतिशत हिस्सा जारी किया जाएगा। यह बजट बच्चों की सुरक्षा पर खर्च किया जाएगा। एसएमसी समिति के मुखिया को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
- बिजेंद्र नरवाल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत