ऋषिकेश में हरिपुरकलां के रायवाला में गीता कुटीर घाट पर स्नान करने के दौरान डूबी गढ़ी केसरी स्थित हरि नगर कॉलोनी की नेहा का शव चार दिन बाद हरिद्वार के कनखल में मिला। शव को स्थानीय प्रशासन ने गंगा नदी से बाहर निकाला और परिजनों से पहचान करवाने के बाद पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। नेहा के परिजनों ने वीरवार को हरिद्वार में ही नेहा का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव पांची जाटान फिलहाल सोनीपत निवासी सीमा का अभी तक सुराग नहीं लग सका है। कुसुम का शव दो दिन पहले मिल चुका है।
हरिनगर कॉलोनी निवासी नेहा, खानपुर निवासी कुसुम व पांची जाटन निवासी सीमा परिजनों के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार गई थीं। ऋषिकेश में हरिपुरकलां के गीता कुटीर घाट पर जब वे तीनों गंगा स्नान के दौरान डूब गई थीं। पुलिस, एनडीआरएफ व गोताखोरों की मदद से तीनों की खोजबीन शुरू कर दी थी। डूबने के दो दिन बाद कुसुम का शव हरिद्वार के चंडी घाट से मिला था और अब चार दिन की तलाश के बाद वीरवार को हरिद्वार के कनखल से नेहा का शव मिल गया। फिलहाल स्थानीय प्रशासन अभी भी सीमा की तलाश में जुटा हुआ है।