गांव भावड़ के युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में बरोदा थाना पुलिस ने युवती के भाई समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या ईको सवार चार लोगों ने की है। जबकि उसके भाई को भी आरोप लगने पर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि चार आरोपियों ने युवक की हत्या उस समय की थी जब वह अपनी प्रेमिका के साथ घर से शादी करने के लिए निकला था। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर गाड़ी क्षतिग्रस्त होने के बाद उससे व उसके परिजनों से रुपये की मांग की। बाद में कोहला के पास उसकी हत्या कर दी। इससे पहले उन्होंने युवती को उसके घर पर छोड़ा। पुलिस ने आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव भावड़ निवासी हैप्पी ने बुधवार को बरोदा थाना पुलिस को सूचना दी थी कि सदर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग को लेकर उसके भाई बिजेंद्र (20) का युवती के भाई अमन व उसके साथियों ने अपहरण करके पीट-पीटकर हत्या कर दी है। हैप्पी के अनुसार उसके भाई का शव उन्हें नागरिक अस्पताल के शवगृह में मिला था। आरोपियों ने उनसे 20 हजार रुपये की भी मांग की थी। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब पुलिस ने इस मामले में आरोपी अमन, राहुल उर्फ महेंद्र, अंकित निवासी जागसी हाल गामड़ी, अशोक उर्फ शौकी व अंकित उर्फ भादू निवासी शामड़ी को गिरफ्तार किया है।
इस तरह आरोपियों ने की बिजेंद्र की हत्या
पुलिस के अनुसार बिजेंद्र अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था। 8 नवंबर को दोनों घर से भाग रहे थे। इसी बीच वह रास्ते में राहुल उर्फ महेंद्र, अंकित निवासी जागसी फिलहाल गामड़ी, अशोक उर्फ शौकी व अंकित उर्फ भादू निवासी शामड़ी को मिल गए, जो ईको गाड़ी में सवार थे। इनमें से एक ने गांव की युवती देखकर युवक के साथ कहासुनी शुरू कर दी। इस पर उनकी आपस में लड़ाई हो गई। इस लड़ाई में उनकी ईको गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर चारों ने बिजेंद्र से रुपये की मांग की, लेकिन उसने रुपये देने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी पहले युवती को उसके घर पर छोड़कर आए फिर बिजेंद्र को लेकर गोहाना में कई जगह घूमे। गाड़ी में उसके साथ मारपीट की। चारों आरोपी उसे गांव कोहला के पास लेकर गए और उसके परिजनों से फोन करके रुपये की मांग की। जब तक परिजन रुपये लेकर पहुंचते तब तक आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी थी। यही नहीं चारों ने उसका शव लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे और वहां से फरार हो गए।
बिजेंद्र की हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि बिजेंद्र और युवती शादी का घर से भागने के दौरान ईको सवार चार युवकों से झगड़ा हो गया था। इस बीच उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। रुपये न देने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए हत्या कर दी। इनके अलावा युवती के भाई पर भी हत्या करने का आरोप है तो उसे भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय से चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। निकिता खट्टर, एएसपी गोहाना।