स्कूल अपग्रेड कराने की मांग को लेकर गेट पर ताला जड़ प्रदर्शन करते छात्र।
- फोटो : amarujala beuro
जाटी कलां गांव के राजकीय उच्च विद्यालय को अपग्रेड करने की मांग को लेकर छात्रों ने बुधवार को स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया। छात्रों ने कहा कि पहले स्कूल को अपग्रेड करो इसके बाद ही स्कूल का ताला खुलेगा। स्कूल अपग्रेड करने के लिए शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने पांच महीने पहले गांव में एक कार्यक्रम के दौरान घोषणा की थी। उनकी घोषणा के बाद भी स्कूल अपग्रेड न होने से छात्र-छात्राओं में रोष बना हुआ है। गेट पर ताला जड़ने वाले छात्रों को प्राचार्या व सरपंच ने आश्वासन दिया कि शिक्षामंत्री से मिलकर स्कूल को जल्द अपग्रेड कराया जाएगा। उसके बाद ही छात्रों ने ताला खोला।
15-20 किमी. दूर जाना पड़ता
जनवरी 2017 में पंडित लख्मीचंद की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गांव में पहुंचे शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने ग्रामीणों की मांग पर स्कूल को अपग्रेड कराने की घोषणा की थी। शिक्षा मंत्री ने इसी 2017-18 सत्र से स्कूल को अपग्रेड करने की घोषणा की थी। विद्यार्थियों का आरोप है कि पांच महीने बाद भी स्कूल को अपग्रेड नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि गांव के आसपास 12वीं तक कोई स्कूल नहीं है। छात्र-छात्राओं को 10वीं कक्षा पास करने के बाद दूर-दराज के क्षेत्र में स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में पढ़ने के लिए जाना पड़ता है। यह सभी स्कूल गांव से लगभग 15 से 20 किलोमीटर दूर हैं। उससे उन्हें पढ़ाई करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अपग्रेड करने के नियम करता है पूरे
स्कूल अपग्रेड कराने में ग्रामीणों से सहयोग मांगने केे लिए मंगलवार को छात्राओं ने गांव में फेरी निकाली थी, लेकिन छात्र-छात्राओं ने बुधवार सुबह ही बड़े आंदोलन की राह पकड़ ली और छात्रों ने स्कूल में जाने की जगह, उसके गेट पर ताला जड़ दिया। छात्रों ने कहा कि स्कूल हर तरीके से अपग्रेड होने के नियमों को फॉलो करता है। इसके बाद भी इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जब तक स्कूल को अपग्रेड नहीं किया जाएगा, तब तक वह न ताला खोलेंगे और न ही कक्षाओं में जाएंगे। स्कूल पर ताला लगाए जाने की सूचना मिलते ही प्राचार्या सुनीता ने सरपंच जसबीर को इस बारे में बताया। प्राचार्या व सरपंच के साथ ही ग्रामीण वहां पहुंचे और छात्रों की मांग पूरी कराने का आश्वासन दिया। उनसे कहा गया कि वह जल्द ही शिक्षामंत्री से मिलकर स्कूल अपग्रेड कराएंगे। इसके बाद ही छात्र शांत हुए और स्कूल का ताला खोला गया।
सुबह करीब 6:30 बजे मेरे पास सफाई कर्मी का फोन आया था कि स्कूल के गेट पर एक अन्य ताला लगा हुआ है। इसकी सूचना सरपंच को दी। सरपंच जसबीर ने ग्रामीणों के साथ पहुंचकर देखा तो वहां ताला लगा हुआ था, लेकिन गेट के पास कोई छात्र नहीं था। उस दूसरे ताले को तुड़वा दिया गया, लेकिन जब मैं लगभग 7:45 बजे स्कूल में पहुंची तो कुछ छात्र गेट के बाहर खड़े हुए थे। उनको ग्राम पंचायत के सहयोग से आश्वासन दिया कि जल्द ही शिक्षामंत्री से मिलकर स्कूल अपग्रेड की मांग की जाएगी। इसके बाद छात्र शांत होकर अपनी कक्षा में बैठ गए थे।
-सुनीता नागपाल, प्राचार्य राजकीय उच्च विद्यालय जाटी कलां।