संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 27 सितंबर के भारत बंद को सफल बनाने के लिए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान मजदूर संघर्ष समिति की तरफ से बाइक व कार रैली निकाली गई, जिसमें भारत बंद को सफल बनाने का आह्वान किया गया। सभी से किसानों की हक की लड़ाई के लिए समर्थन मांगा गया।
सोमवार को निकाली गई रैली पंचायत भवन से शुरू करके रेलवे ओवरब्रिज होते हुए गीता भवन चौक, सुभाष चौक, एटलस रोड, आईटीआई चौक से घूमते हुए, रांठधना रोड पर होते हुए मामा भांजा चौक, बस अड्डा, पुरखास अड्डा, शनि मंदिर, छोटू राम चौक से पंचायत भवन जाकर समाप्त हुई। इसके बाद समिति सदस्यों का काफिला कुंडली बॉर्डर की तरफ रवाना हो गया। किसान मजदूर संघर्ष समिति के संयोजक मास्टर ईश्वर सिंह दहिया ने कहा कि सरकार जब तक कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक एमएसपी को कानूनी गारंटी नहीं देगी, बिजली संशोधन बिल को वापस नहीं लेगी, तब तक यह आंदोलन आगे बढ़ता जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 27 सितंबर को भारत बंद रखने का आह्वान किया गया है। इसे हर हाल में सफल किया जाएगा। रैली में भठगांव, भैंसवाल, कटवाल, आंवली, गुमाना, दोदवा, खेड़ी दहिया, लाठ, खेड़ी दमकन, माच्छरी, हुल्लाहेड़ी, राजलूगढ़ी, सबोली, जौली, नैना ततारपुर, नांगल कलां, कामी, मंडोरा, सलारपुर माजरा, डीघल, पिनाना, सरग्थल, जाट माजरा, भुर्री, खेड़ी मनाजात, नाहरी, ठरू-उल्देपुर, तेवड़ी, कंवाली व सोनीपत शहर से प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।