ज्यादा राशि के बिजली बिल आने के कारण प्रदर्शन करते मेहंदीपुर के ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। बिजली निगम की ओर से गांवों में ज्यादा राशि के बिजली बिल भेजे जा रहे है। गांव मेहंदीपुर में दिहाड़ी-मजदूरी करने वालों के घर दो लाख से ज्यादा राशि के बिजली बिल आने पर ग्रामीण भडक़ गए। ग्रामीणों ने वीरवार को एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि बिजली निगम की ओर से गांवों में निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। अब बिजली निगम की ओर से ज्यादा राशि के बिल भेजकर ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है। ऐसे में उन्होंने बिजली बिल जमा न कराने की चेतावनी दी।
गांव के निवर्तमान सरपंच सतबीर, रिसाल सिंह, भीम सिंह, कप्तान ने बताया कि बिजली निगम की ओर से ज्यादा राशि के बिजली बिल वितरित किए गए है। दिहाड़ी-मजदूरी करने वालों के पास दो लाख रुपये से ज्यादा राशि के बिल भेजे गए है। बिजली निगम की ओर से लोगों को अनाप-शनाप बिल भेजकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत मेें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की ओर से ग्रामीणों पर गलत तरीके से आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के इस दौरान में गुजारा करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में ग्रामीणों ने बिजली बिल जमा न करने की चेतावनी दी। इस दौरान उन्होंने विधायक मोहनलाल बड़ौली से भी मुलाकात की। विधायक ने ग्रामीणों ने उनका बिजली बिल ठीक कराने का आश्वासन दिया है।