आंबेडकर कॉलोनी गली नंबर 2 के सामने महलाना रोड पर सीवरलाइन डालकर खुला छोड़ा गया गड्ढा, लोगों के लिए हादसे का पर्याय बन रहा है। सड़क पर खोदे गए 25 फुट गहरे गड्ढे में बुधवार रात दो बाइक सवार युवक गिरकर घायल हो गए। एक बाइक सवार युवक को मौके पर पहुंचे परिजनों ने निकाल लिया। बाद में गिरे दूसरी बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि युवक जन्मदिन मनाने के लिए गुब्बारे व अन्य सामान लेकर जा रहा था। अंधेरे में गड्ढा दिखाई नहीं दिया और बाइक सहित गड्ढे में जा गिरा। लोगों ने गड्ढे से युवक को निकाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
निगम के ठेकेदार की लापरवाही से क्षेत्र के लोगों में रोष बना हुआ है। वीरवार सुबह लोगों ने एकत्रित होकर नगर निगम व ठेकेदार के खिलाफ रोष जताया।
लोगों का कहना है कि हादसे का पता लगने के बाद ठेकेदार सुबह मौके पर भी पहुंचा था और गड्ढे में मिट्टी डालने लगा था। लोगों की नजर उस पर पड़ी तो गुस्साए लोगों ने ठेकेदार को ऐसा करने से रोका और भगा दिया। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि आंबेडकर कॉलोनी गली नंबर 2 के सामने सीवर का कनेक्शन महलाना रोड पर मुख्य सीवरलाइन से जोड़ा जाना था। बुधवार को निगम के ठेकेदार ने कनेक्शन जोड़ने लिए महलाना रोड पर गड्ढा खोद दिया। सीवरलाइन दबाने के बाद ठेकेदार ने उस गड्ढे को बंद नहीं किया और न ही गड्ढे के आसपास किसी तरह का सांकेतिक बोर्ड लगाया। ठेकेदार की लापरवाही के कारण बुधवार रात को गड्ढे में दो बाइक सवार गिरकर घायल हो गए। एक बाइक सवार सरस्वती विहार, महलाना रोड निवासी सतीश और दूसरी बाइक सवार युवक भठगांव निवासी सतबीर है।
काफी देर तक गड्ढे में ही गिरा रहा सतबीर
सरस्वती विहार निवासी सतीश बाइक पर घर जा रहा था। अंधेरे में गड्ढा दिखाई न देने के कारण उसमें जा गिरा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से सतीश व उसकी बाइक को गड्ढे से बाहर निकाला। हादसे में सतीश को मामूली चोटें आई हैं। इस हादसे के कुछ देर बाद ही गांव भठगांव माल्यान निवासी सतबीर सिंह बाइक पर सवार होकर सोनीपत से अपने गांव जा रहा था। वह जब आंबेडकर कॉलोनी के पास पहुंचा तो अंधेरे में महलाना रोड पर खोदा गया गड्ढा दिखाई नहीं दिया। सतबीर बाइक समेत गड्ढे में जा गिरा। इसके काफी देर बाद लोगों ने उसे गड्ढे से निकाला। लोगों ने उसकी गंभीर हालत देख नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
गड्ढे में बाइक गिरी देखी तो लगी भीड़
महलाना रोड पर वीरवार सुबह आवागमन शुरू हुआ तो आंबेडकर नगर के सामने खोदे गए गड्ढे के पास काफी रक्त पड़ा हुआ मिला। वहीं गड्ढे में बाइक गिरी दिखाई दी। लोगों ने बाइक को गड्ढे से निकाला तो बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसे पर खून भी लगा था। यही नहीं बाइक के पास जन्मदिन में प्रयोग होने वाले गुब्बारे व अन्य सामान भी पड़ा था। ठेकेदार की लापरवाही से हुए हादसे के बाद लोगों ने नगर निगम व ठेकेदार के खिलाफ रोष जताया। लोगों ने कहा कि नगर निगम की ओर से गड्ढे खोदकर खुले छोड़े जा रहे है। जिससे हादसे हो रहे हैं। लोगों ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
सीवर लाइन दबाने के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था। काम होने के बाद भी गड्ढा नहीं भरा गया और ना ही उसके पास बैरिकेड लगाए गए। अगर बैरिकेड लगाए जाते तो यह हादसा टल सकता था। यह हादसा पूरी तरह ठेकेदार की लापरवाही का नतीजा है। यही नहीं यहां पर स्ट्रीट लाइटें भी लंबे समय से बंद पड़ी है। अगर स्ट्रीट लाइटें जल रही होती तो बाइक सवारों को गड्ढा नजर आ जाता। -राममेहर, महलाना रोड
महलाना रोड पर बीच सड़क पर 25 फुट गहरा और 25 फुट लंबा गड्ढा खोदने के बाद किसी प्रकार के अवरोधक नहीं लगाए गए। सीवर लाइन दबाने का काम पूरा होने के बाद मिट्टी नहीं भरी गई। जिस कारण हादसा हुआ। हादसे की सूचना के बाद ठेकेदार पहुंचा और लीपापोती करने का प्रयास करने लगा। ऐसे लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। -रमेश खत्री, गढ़ी ब्राह्मणान।
महलाना रोड पर रात को हुआ हादसा ठेकेदार की लापरवाही का नतीजा है। इस कार्य को करवाने के लिए सीएम विंडो पर शिकायत लगाई थी। दबाव पडने पर ठेकेदार ने जल्दबाजी में इस कार्य को किया। गड्ढा खोदकर सीवर लाइन दबाकर गड्ढे को मिट्टी से नहीं भरा। यही नहीं कार्य के दौरान व उसके बाद भी रास्ता ब्लॉक नहीं किया और ना ही अवरोधक लगाए। अगर बैरिकेड लगाए गए होते हादसा नहीं होता। -बिजेंद्र मलिक, निगम पार्षद।
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। मैं दो दिन की छुट्टी पर था। शुक्रवार को कार्यालय आऊंगा, उसके बाद मामले की जांच की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -निजेश कुमार, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
महलाना रोड पर सीवरलाइन डालने के लिए खोदा गया गड्ढा। संवाद- फोटो : Sonipat