सोनीपत। अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग पर दैनिक रेलयात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मासिक पास बनाने की मांग आखिरकार पूरी हो गई। रेलवे ने दैनिक यात्रियों के लिए 3 सितंबर से मासिक पास की सुविधा शुरू कर दी। अब दैनिक यात्री 23 अनारक्षित ट्रेनों में मासिक पास की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। लंबे समय बाद मासिक पास की सुविधा शुरू होने से दैनिक रेलयात्रियों में खुशी है।
दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर वर्तमान समय में तीन पैसेंजर ट्रेनें चल रही हैं। मासिक पास न बनने के कारण यात्रियों को रोजाना टिकट लेने के लिए लंबी लाइनों का सामना करना पड़ रहा है। ज्यादा भीड़ के कारण कई बार ट्रेन भी निकल जाती थी। दैनिक रेलयात्रियों की परेशानी को देखते हुए सोनीपत विकास मंच, भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा की तरफ से कुछ दिन पहले ज्ञापन सौंपा गया था।
उधर, सांसद रमेश कौशिक ने वीरवार को सोनीपत-जींद रेलमार्ग पर बंद पड़ी ट्रेन को चलाने के लिए रेलवे अधिकारियों से बात की। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि सोनीपत-जींद रूट पर ट्रेन चलाने के लिए दैनिक यात्री कई बार मांग कर चुके हैं। जिसे देखते हुए रेलवे अधिकारियों से बात की गई है। कोरोना महामारी के बाद से प्रभावित चल रही ट्रेनों को धीरे-धीरे पटरी पर लाया जा रहा है। सोनीपत-गोहाना-जींद रेलमार्ग पर भी ट्रेन जल्द शुरू करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
बढ़ा किराया भी किया जाए कम
दैनिक रेलयात्रियों के सामने आने वाली परेशानियों को देखते हुए भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा ने अन्य सामाजिक संगठनों के साथ डीआरएम को ज्ञापन सौंपा था। जिसमें चार मांगें रखी गई थीं। उनमें से एक मांग पूरी कर दी गई है, लेकिन तीन मांगे अभी अधूरी हैं। इसमें सबसे अहम बढ़ा किराया वापस लेने की मांग है। रेलवे अधिकारी इन मांगों को भी जल्द पूरा करें।
- सतबीर वर्मा, संयोजक, भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा।
--
भीड़ कम करने के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाना जरूरी
ट्रेनों की संख्या कम होने के कारण दैनिक यात्रियों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ रही है। इस स्थिति को देखते हुए कोरोना काल से बंद चल रहीं अन्य पैसेंजर ट्रेनें भी जल्द चलाई जाएं, ताकि यात्रियों के सामने आ रही परेशानी दूर हो सके।
- सतपाल अहलावत, अध्यक्ष, सोनीपत विकास मंच।
--
पास बनने से मिलेगी राहत
मासिक पास न बनने के कारण रेल यात्रियों को रोजाना टिकट के लिए काउंटरों पर काफी देर तक भीड़ में खड़ा रहना पड़ रहा था। जिस कारण कई बार ट्रेन छूट जाती थी। दैनिक यात्री रेलवे से लगातार मांग कर रहे थे कि मासिक पास बनाने की सुविधा दी जाए। ऐसे में शुक्रवार से मासिक पास बनने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
- सुशील भुटानी, दैनिक यात्री।
--
अन्य ट्रेनें भी जल्द चलाई जाएं
आम आदमी पार्टी व सोनीपत विकास मंच लगातार रेलवे से मांग कर रहे थे कि मासिक पास बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। अब रेलवे ने इसे मंजूरी दे दी है। इससे रेल यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। आम आदमी पार्टी सरकार से मांग करती है कि दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर बंद पड़ी महिला स्पेशल ट्रेन सहित अन्य पैसेंजर ट्रेनों को भी शुरू किया जाए।
- विमल किशोर, प्रदेश प्रवक्ता, आम आदमी पार्टी