गोहाना(सोनीपत)। शहर के उन युवाओं के लिए राहत भरी खबर है, जो साइक्लिंग करने के लिए ट्रैक की तलाश करते रहते हैं। उन्हें अब जल्द ही नए यह सुविधा मिलेगी। यह ट्रैक नप द्वारा शहर में बरोदा रोड पर समता चौक से मोर चौक तक बनाया जाएगा। इसके लिए नप को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है, जिस पर करीब पौने तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शहर में अभी तक साइक्लिंग ट्रैक की सुविधा नहीं है। ऐसे में साइक्लिंग करने वाले युवा रोहतक रोड, पानीपत रोड, जींद समेत कई सड़कों पर जाते हैं। इसी के मद्देनजर नप अधिकारियों ने पिछले दिनों शहर में साइक्लिंग ट्रैक बनाने की योजना तैयार की थी। इसके लिए अधिकारियों ने बरोदा रोड पर समता चौक से मोर चौक तक का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजा था। अब मुख्यालय ने इसकी प्रशासनिक मंजूरी दे दी है, जिसका सीधा लाभ युवाओं को मिलेगा।
इस तरह से बनेगा साइक्लिंग ट्रैक
बरोदा रोड पर सड़क किनारे काफी जगह खाली पड़ी है। ऐसे में नप अधिकारी इस रोड पर सड़क किनारे छह फुट चौड़ा ट्रैक बनाएंगे। इस पर करीब 2.75 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके बनने के बाद युवा शहर में समता चौक से शुरू होकर काठ मंडी, रेलवे फाटक व मोर चौक होते हुए बरोदा-जुलाना के अलावा महम व जींद रोड पर बाईपास के जरिये साइक्लिंग कर सकेंगे।
वर्जन
शहर में साइक्लिंग ट्रैक बनाने की प्रक्रिया चली हुई है। यह ट्रैक बरोदा रोड पर समता चौक से मोर चौक तक बनेगा। मुख्यालय ने इसकी प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही इसके निर्माण को लेकर आगामी प्रक्रिया की जाएगी। - राहुल पूनिया, एक्सईएन, नगर परिषद गोहाना।