हरियाणा के सोनीपत में निर्माणाधीन एनएच-334बी पर गांव राठधना के पास अनियंत्रित कार के डिवाइडर से टकराने के कारण दो दोस्तों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजनों ने तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वह रात को जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद एक साथी को छोड़कर लौट रहे थे। पुलिस ने शवों को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
एनएच-334बी पर हुए हादसे में दो युवकों की मौत के साथ ही उनके तीन साथी घायल हो गए। हादसा कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के चलते हुआ है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। - इंस्पेक्टर वजीर सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर-27 सोनीपत
गांव ताजपुर निवासी रवि व शिव कॉलोनी का नवीन शुक्रवार रात को जठेड़ी में दोस्तों संग जन्मदिन की पार्टी मनाने गए थे। कुछ घंटे पहले तक जहां वह खुशियां मना रहे थे, वहीं कुछ समय बाद ही उनके परिवारों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दोनों की मौत की खबर उनके परिजनों को लगी तो उनका रोकर बुरा हाल हो गया।
शनिवार सुबह सामान्य अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने बताया कि गांव जठेड़ी निवासी युवक का जन्मदिन था। उसके जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने सभी साथी गांव जठेड़ी गए थे। जन्मदिन की पार्टी में रवि, नवीन, कंवल सिंह, अरुण, कमल व नवीन कुमार ने जमकर मस्ती की थी। उसके बाद वह वहां से निकल लिए। वह देर रात ही अपने साथी अरुण को छोड़ने चौलका चला गया। वापस आते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें रवि व नवीन परिजनों व साथियों से सदा के लिए बिछुड़ गए।
हादसे का शिकार हुआ गांव ताजपुर निवासी रवि कुमार साउथ प्वाइंट शिक्षण संस्थान से बीटेक कर रहा था। वहीं उसका साथी नवीन दिल्ली में सॉफ्टवेयर प्रोग्रामर का कोर्स कर रहा था। दोनों ही पढ़ाई में काफी होनहार थे।
सामान्य अस्पताल में पहुंचे रवि के परिवार के युवक ने बताया कि रवि तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। अब उसके दो छोटे भाई अजय व विशाल ही बचे हैं। अजय आईटीआई का छात्र है और विशाल भी पढ़ाई कर रहा है। वहीं नवीन के परिवार में उनका एक बड़ा भाई है।
दोनों छात्रों की की देर रात ही मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि सुबह पुलिसकर्मी अस्पताल में आया था। उसके बाद वापस चला गया। जिस पर तीन-चार कारों में सवार होकर परिजन सेक्टर-27 थाने में पहुंचे। यहां उन्होंने थाना प्रभारी वजीर सिंह से मुलाकात की। उन्होंने जांच अधिकारी को भेजकर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने पोस्टमार्टम में देरी पर रोष जताया।